Home Una News जहरीला पदार्थ खाने वाले 24 वर्षीय युवक की एम्स बिलासपुर में मौत

जहरीला पदार्थ खाने वाले 24 वर्षीय युवक की एम्स बिलासपुर में मौत

ऊना। राजवीर दीक्षित

(24-year-old man who consumed a poisonous substance dies at AIIMS Bilaspur) उपमंडल अम्ब के धंधड़ी गांव में करीब 14 दिन पहले गलती से जहरीला पदार्थ पीने वाले 24 वर्षीय युवक रमन कुमार की बुधवार शाम एम्स बिलासपुर में उपचार के दौरान मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक ने गलती से फिनायल पी लिया था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल अम्ब लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर कर दिया। ऊना में भी हालत में सुधार न होने पर उसे एम्स बिलासपुर रेफर किया गया था।

परिजनों के अनुसार रमन कुमार का एम्स बिलासपुर में करीब 14 दिनों से उपचार चल रहा था। चिकित्सकों द्वारा लगातार उपचार किए जाने के बावजूद उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका और बुधवार शाम उसने दम तोड़ दिया।

मृतक के पिता मदन लाल ने बताया कि रमन पिछले कुछ समय से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी परेशानी से जूझ रहा था और उसका उपचार चल रहा था। उन्होंने बताया कि रमन ने गलती से फिनायल पी लिया था। रमन माता-पिता की बेटियों के बाद इकलौता बेटा था। उसकी मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पुलिस टीम को एम्स बिलासपुर भेजा गया है। युवक के शव का पोस्टमार्टम करवाया जाएगा और इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि युवक ने किन परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ पीया, पुलिस इसकी भी जांच कर रही है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाल रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और अधिक स्पष्ट हो पाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!