Home Railway त्योहारों पर रेलवे की बड़ी तैयारी, 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

त्योहारों पर रेलवे की बड़ी तैयारी, 3 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें चलेंगी

उज्जैन। टारगेट न्यूज नेटवर्क

(Railways gear up for the festive season; 3 pairs of special trains to run) दशहरा, दीपावली और छठ पूजा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ और वेटिंग को देखते हुए उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने तीन जोड़ी आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इन ट्रेनों से कटड़ा, जम्मू और वाराणसी के बीच कनेक्टिविटी बढ़ेगी। खास बात यह है कि पंजाब के पठानकोट, जालंधर और लुधियाना के यात्रियों को भी इन ट्रेनों का लाभ मिलेगा।

रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, सभी स्पेशल ट्रेनें LHB कोचों से संचालित होंगी। इन ट्रेनों की बुकिंग IRCTC वेबसाइट, मोबाइल ऐप और रेलवे आरक्षण केंद्रों के माध्यम से शुरू कर दी गई है।

1. कटड़ा-वाराणसी-कटड़ा स्पेशल

ट्रेन संख्या 04604 कटड़ा से 4 अक्टूबर से 29 नवंबर 2026 तक प्रत्येक रविवार शाम 6:15 बजे रवाना होगी और दूसरे दिन शाम 6:30 बजे वाराणसी पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04603 वाराणसी से 6 अक्टूबर से 1 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार सुबह 4:30 बजे चलेगी।

दोनों दिशाओं में ट्रेन जम्मू तवी, पठानकोट कैंट, जालंधर कैंट, लुधियाना, अंबाला कैंट, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, रायबरेली और प्रतापगढ़ समेत प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।

2. जम्मू तवी-वाराणसी-जम्मू तवी स्पेशल

ट्रेन संख्या 04610 जम्मू तवी से 1 अक्टूबर से 26 नवंबर तक प्रत्येक गुरुवार सुबह 5:15 बजे रवाना होगी। वापसी में ट्रेन संख्या 04609 वाराणसी से 2 अक्टूबर से 27 नवंबर तक प्रत्येक शुक्रवार सुबह 9 बजे चलेगी।

इस ट्रेन के ठहरावों में पठानकोट, जालंधर, अंबाला, सहारनपुर, मुरादाबाद, शाहजहांपुर, लखनऊ और सुल्तानपुर शामिल हैं।

3. नई दिल्ली-कटड़ा-नई दिल्ली स्पेशल

दशहरा के दौरान यात्रियों की भीड़ को देखते हुए ट्रेन संख्या 04081 नई दिल्ली से 8, 9, 10 और 11 अक्टूबर को रात 11:45 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 12 बजे कटड़ा पहुंचेगी।

वापसी में ट्रेन संख्या 04082 कटड़ा से 9, 10, 11 और 12 अक्टूबर को रात 9 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 10 बजे नई दिल्ली पहुंचेगी।

पंजाब के यात्रियों को भी सीधा फायदा

इन ट्रेनों के ठहराव पठानकोट, जालंधर और लुधियाना में होने से पंजाब के यात्रियों को त्योहारों के दौरान अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। वहीं, नई दिल्ली-कटड़ा स्पेशल से दिल्ली, हरियाणा और पंजाब के श्रद्धालुओं को कटड़ा के लिए अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध होगी।

भीड़ कम करने के लिए रेलवे का फैसला

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक जम्मू उचित सिंघल के अनुसार, दशहरा, दीपावली और छठ के दौरान हर साल यात्रियों की संख्या बढ़ती है। अतिरिक्त भीड़ को संभालने और यात्रियों को आरक्षित सीट उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इन विशेष ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।

यात्री 139 हेल्पलाइन, NTES ऐप या रेलवे पूछताछ केंद्र से ट्रेनों के समय और अन्य जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!