चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(Drug control raid on chemist shops! 1,740 capsules including Pregabalin-Tramadol seized) चंडीगढ़ प्रशासन के ड्रग कंट्रोल विंग ने नशे के गलत इस्तेमाल की आशंका वाली दवाओं की बिक्री और रिकॉर्ड की जांच के लिए शहर की तीन केमिस्ट दुकानों पर छापेमारी की। सेक्टर-40, सेक्टर-41 और सेक्टर-23सी में हुई कार्रवाई के दौरान प्रेगाबालिन, ट्रामाडोल और कोडीन वाली दवाओं की खेप जब्त की गई।
विभाग के मुताबिक, तीनों दुकानों से कुल 1,740 कैप्सूल और 38 बोतल कफ सिरप बरामद किए गए हैं। जब्त दवाओं की कीमत करीब 66 हजार रुपये बताई गई है।
सेक्टर-40 में 820 कैप्सूल जब्त
सेक्टर-40 स्थित साई मेडिकल एजेंसी की जांच के दौरान टीम ने प्रेगाबालिन वाली पांच तरह की एलोपैथिक दवाएं बरामद कीं। यहां से कुल 820 कैप्सूल जब्त किए गए, जिनकी कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है।
जांच के दौरान दुकान संचालक इन दवाओं की खरीद-बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड टीम के सामने पेश नहीं कर सका। इसके बाद दवाओं को जब्त कर लिया गया।
सेक्टर-41 में ट्रामाडोल और कोडीन की दवाएं मिलीं
ड्रग कंट्रोल विंग ने सेक्टर-41 स्थित सूद मेडिकल स्टोर पर भी जांच की। यहां से ट्रामाडोल और कोडीन वाली दवाओं की तीन किस्में बरामद हुईं।
टीम ने 120 कैप्सूल और कफ सिरप की 35 बोतलें जब्त कीं। इनकी कुल कीमत करीब 27 हजार रुपये बताई गई है। स्टोर संचालक इन दवाओं की खरीद और बिक्री से संबंधित रिकॉर्ड नहीं दिखा सका।
सेक्टर-23सी में भी कार्रवाई
सेक्टर-23सी स्थित राय मेडिकोज पर ड्रग कंट्रोल विंग ने एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स के अधिकारियों के साथ जांच की। यहां से प्रेगाबालिन और कोडीन फॉस्फेट वाली दवाएं जब्त की गईं।
टीम ने 800 कैप्सूल और कफ सिरप की 3 बोतलें बरामद कीं। जब्त दवाओं की कीमत करीब 26 हजार रुपये बताई गई है। इस दुकान पर भी संचालक खरीद-बिक्री का रिकॉर्ड पेश नहीं कर सका।
तीनों दुकानों को नोटिस की तैयारी
ड्रग कंट्रोलर, यूटी चंडीगढ़ की ओर से तीनों संबंधित फर्मों को कारण बताओ नोटिस जारी किए जा रहे हैं। विभाग की कार्रवाई का फोकस ऐसी दवाओं की बिक्री और उनके रिकॉर्ड की जांच पर है।
आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई
ड्रग कंट्रोल विंग के मुताबिक, नशीले पदार्थों के गलत इस्तेमाल को रोकने के लिए ऐसी जांच आगे भी जारी रहेगी। तीनों दुकानों से हुई कार्रवाई में कुल 1,740 कैप्सूल और 38 बोतल कफ सिरप जब्त किए गए हैं।



















