Home Breaking News पैसों की कमी भी नहीं रोक पाएगी हिमाचल की रफ्तार! CM सुक्खू...

पैसों की कमी भी नहीं रोक पाएगी हिमाचल की रफ्तार! CM सुक्खू बोले- आत्मनिर्भर बनेगा प्रदेश!

चंबा।राजवीर दीक्षित

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि गंभीर आर्थिक चुनौतियों के बावजूद हिमाचल प्रदेश संसाधन जुटाने, वित्तीय अनुशासन और भ्रष्टाचार पर रोक के जरिए समृद्धि और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। मंगलवार को चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के चुवाड़ी में जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने पूर्व भाजपा सरकार पर भी जमकर निशाना साधा।

सुक्खू ने आरोप लगाया कि पिछली भाजपा सरकार ने जनता की भावनाओं से खिलवाड़ किया और प्रशासनिक मोर्चे पर अपेक्षित काम नहीं किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से राजस्व घाटा अनुदान (RDG) बंद किए जाने से प्रदेश की आर्थिक चुनौतियां बढ़ी हैं। वहीं, 2023 की प्राकृतिक आपदा के बाद प्रधानमंत्री की ओर से घोषित 1,500 करोड़ रुपये की सहायता भी हिमाचल को अब तक नहीं मिली है।

मुख्यमंत्री ने भटियात क्षेत्र में 419.90 करोड़ रुपये की 36 विकास परियोजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास किए। उन्होंने चुवाड़ी में सिविल कोर्ट और CBSE से संबद्ध स्कूल खोलने की घोषणा की। इसके अलावा विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़क परियोजनाओं के लिए 10 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने का ऐलान किया।

सुक्खू ने अगले महीने ‘मुख्यमंत्री का अपना परिवार सुखी परिवार योजना’ शुरू करने की घोषणा की। इसके तहत आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की पात्र महिलाओं को हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। भटियात क्षेत्र में करीब 10 हजार पात्र परिवारों की 20 हजार महिलाओं को इसका लाभ मिलने की उम्मीद है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चंबा मेडिकल कॉलेज के सुचारू संचालन के लिए 190 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं। सरकार ने प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में कम से कम दो से तीन CBSE संबद्ध स्कूल खोलने की दिशा में कदम उठाए हैं। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में 2,700 से अधिक शिक्षकों की भर्ती की गई है।

सुक्खू ने पिछली सरकार पर बिना पर्याप्त स्टाफ की व्यवस्था किए स्वास्थ्य और शिक्षण संस्थान खोलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार ने शैक्षणिक संस्थानों का युक्तिकरण किया और शिक्षकों के खाली पद भरने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई है।

विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि सरकार प्रदेश के सभी क्षेत्रों में संतुलित और तेज विकास सुनिश्चित कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कभी पिछड़े माने जाने वाले भटियात क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और पेयजल सुविधाओं का विस्तार हुआ है।

जनसभा के दौरान रामपुर के विधायक नंद लाल और हाल ही में दुखद घटना में जान गंवाने वाले युवा कांग्रेस नेता चंद्रमणि कुलेठी की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया।

Translate »
error: Content is protected !!