गुरुग्राम। राजवीर दीक्षित
(Two workers fell from the 19th floor; one died; company officials beaten up after the accident) गुरुग्राम में निर्माणाधीन इमारत में काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। सेक्टर-113 स्थित M3M बिल्डर के स्मार्टवर्ल्ड प्रोजेक्ट में शनिवार को 19वीं मंजिल से दो मजदूर नीचे गिर गए। हादसे में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान बिहार के कटिहार निवासी दिलखुश (19) के रूप में हुई है। वहीं घायल मजदूर वासुदेव पश्चिम बंगाल का रहने वाला बताया गया है।
हादसे के बाद साइट पर मचा हंगामा
हादसे की खबर मिलते ही निर्माण स्थल पर मजदूरों में आक्रोश फैल गया। साथियों ने काम बंद कर दिया और कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों को घेर लिया।
आरोप है कि गुस्साए मजदूरों ने अधिकारियों के साथ मारपीट की। अधिकारियों के भागने की कोशिश के दौरान मजदूरों ने उनके पीछे दौड़कर डंडे बरसाए और सेफ्टी हेलमेट भी फेंके। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है।
कंपनी बोली- पैर फिसलने से हुआ हादसा
कंपनी अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में हादसा पैर फिसलने के कारण होने की बात सामने आ रही है। हालांकि, मजदूरों ने साइट पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर सवाल उठाए हैं।
मजदूरों का आरोप है कि ऊंचाई पर काम करने वाले श्रमिकों को जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जा रहे थे। उनका दावा है कि सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा हुआ।
पुलिस ने पहुंचकर संभाला मोर्चा
हंगामा बढ़ने की सूचना पर बजघेड़ा थाना SHO सुनील पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मजदूरों को समझाकर शांत कराया और निष्पक्ष जांच व कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद स्थिति सामान्य हुई।
पुलिस जांच में सामने आएगा हादसे का कारण
थाना प्रभारी के मुताबिक, फिलहाल किसी भी पक्ष की ओर से शिकायत नहीं मिली है। पुलिस शुरुआती तौर पर मामले को हादसा मानकर जांच कर रही है।
जांच में यह देखा जा रहा है कि हादसे के समय साइट पर श्रमिकों की सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम मौजूद थे और क्या सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही हुई थी।



















