बीबीएमबी अस्पताल में तैनात स्टाफ महिलाओं के उत्पीड़न की शिकायत के बाद महिला आयोग की दखलंदाजी से नंगल से ट्रांसफर किये गए डॉक्टर का अब एक और कारनामा सामने आया है।
इस दफा BBMB अस्पताल, सुंदरनगर में तैनात डॉ.संदीप कुमार, MS (Surgery) को लेकर सामने आई शिकायत के बाद विभाग ने मामले को गंभीरता से लिया है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि डॉक्टर निर्धारित ड्यूटी समय के बाद मुख्यालय से अनुपस्थित होकर मंडी में निजी चिकित्सा प्रैक्टिस के लिए चले जाते हैं।
मामले में BBMB के मुख्य अभियंता की ओर से संबंधित अधिकारियों को तत्काल तथ्यात्मक जांच के निर्देश दिए
गए हैं। आदेश में डॉक्टर की अटेंडेंस, ड्यूटी रोस्टर, मूवमेंट/लीव रिकॉर्ड और निर्धारित ड्यूटी समय में अस्पताल में वास्तविक उपलब्धता की जांच करने को कहा गया है।
आदेश में कहा गया है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह गंभीर मामला हो सकता है, क्योंकि विशेषज्ञ
डॉक्टर की अनुपलब्धता से BBMB अस्पताल में इलाज और सर्जिकल सेवाएं लेने वाले कर्मचारियों व अन्य पात्र
मरीजों को परेशानी हो सकती है।
विभाग ने डॉक्टर को लागू सेवा एवं आचरण नियमों का पालन करने और ऐसी निजी प्रैक्टिस से बचने के निर्देश
देने की बात कही है, जिससे उनके सरकारी कर्तव्यों में बाधा आए।
सात दिनों के भीतर विस्तृत तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी गई है। वहीं, अगर आरोप सत्य पाए जाते हैं तो नियमों के तहत
उचित प्रशासनिक कार्रवाई और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर को उनके मूल विभाग, Back to State पंजाब में वापस भेजने पर भी विचार करने की बात
आदेश में कही गई है।
आदेश में मामले को “MOST IMMEDIATE” बताते हुए Action Taken Report भी मांगी गई है।
नोट: दस्तावेज में आरोपों को अभी सत्यापित नहीं माना गया है। विभाग ने पहले जांच और रिकॉर्ड की पुष्टि के निर्देश दिए हैं।
इस मामले में फिलहाल डॉ संदीप कुमार का अपना कोई बयान नही आया है।



















