Home Himachal Pradesh हिमाचल में घर के पास ग्रेनेड मिलने से सनसनी, इलाके में दहशत...

हिमाचल में घर के पास ग्रेनेड मिलने से सनसनी, इलाके में दहशत का माहौल

सोलन । राजवीर दीक्षित

(Sensation in Himachal after a grenade is found near a house; atmosphere of panic in the area) हिमाचल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नालागढ़ सब-डिविजन के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की दीवार के पास ग्रेनेड जैसी वस्तु बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। बद्दी के एसपी विनोद धीमान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एहतियातन आसपास के घरों को खाली करवाया गया। करीब 50 से 70 मीटर के दायरे को पूरी तरह सील कर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।

बीती रात हुई एक मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद सुबह आते-आते बेहद गंभीर मामले में बदल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायत पर जोगो पुलिस चौकी में क्रॉस-FIR दर्ज की गई।

लेकिन सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर की दीवार के पास कथित तौर पर ग्रेनेड पड़ा मिला। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरे व्यक्ति ने उसके घर पर ग्रेनेड फेंका था। हालांकि, ग्रेनेड दीवार से टकराने के बाद फटा नहीं।

सुबह करीब 7:30 बजे इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को हुई। पुलिस ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। ग्रेनेड के मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा होने लगे। मामले की जांच जारी है।

सूचना मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सुरक्षा व्यवस्था को सक्रिय किया। बद्दी पुलिस ने आसपास के इलाकों में मौजूद आर्मी अधिकारियों से भी स्थिति का जायजा लेने को कहा है। वहीं, ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने के लिए शिमला से बम डिस्पोजल स्क्वाड को बुलाया गया है।

पुलिस के सामने इस वक्त सबसे बड़ी चुनौती ग्रेनेड को सुरक्षित तरीके से डिफ्यूज करने की है। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जा रहा है कि आसपास मौजूद ग्रामीणों की सुरक्षा में कोई चूक न हो। हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है कि बरामद ग्रेनेड एक्टिव था या डिफ्यूज किया हुआ। विशेषज्ञों की जांच के बाद ही इसकी स्थिति और संभावित खतरे को लेकर तस्वीर साफ होगी।

पंजाब की संवेदनशील सीमा के पास हुई इस घटना ने ग्रामीणों की चिंता और बढ़ा दी है। ग्रेनेड मिलने के बाद इलाके में डर का माहौल है। स्थानीय स्तर पर यह सवाल भी उठ रहा है कि आखिर इतनी संवेदनशील जगह के पास ग्रेनेड पहुंचा कैसे?

इसी बीच बीजेपी के पूर्व विधायक केएल ठाकुर ने सीमावर्ती गांवों में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में कानून-व्यवस्था लगातार बिगड़ रही है और ड्रग तस्करी जैसी आपराधिक गतिविधियां बेरोकटोक चल रही हैं। ठाकुर ने सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किए जाने की जरूरत पर जोर दिया।

हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों पर अभी कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। बद्दी के एसपी विनोद धीमान से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन वह टिप्पणी के लिए उपलब्ध नहीं हो सके। फिलहाल पुलिस और विशेषज्ञों की जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि बरामद ग्रेनेड की वास्तविक स्थिति क्या थी और यह वहां तक कैसे पहुंचा।

Translate »
error: Content is protected !!