सोलन । राजवीर दीक्षित
(Sensation in Himachal after a grenade is found near a house; atmosphere of panic in the area) हिमाचल से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आई है। नालागढ़ सब-डिविजन के एक गांव में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक घर की दीवार के पास ग्रेनेड जैसी वस्तु बरामद हुई। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन हरकत में आया। बद्दी के एसपी विनोद धीमान के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके को सुरक्षा घेरे में ले लिया। एहतियातन आसपास के घरों को खाली करवाया गया। करीब 50 से 70 मीटर के दायरे को पूरी तरह सील कर पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया।
बीती रात हुई एक मामूली कहासुनी के बाद शुरू हुआ विवाद सुबह आते-आते बेहद गंभीर मामले में बदल गया। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों की शिकायत पर जोगो पुलिस चौकी में क्रॉस-FIR दर्ज की गई।
लेकिन सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक घर की दीवार के पास कथित तौर पर ग्रेनेड पड़ा मिला। एक पक्ष ने आरोप लगाया कि दूसरे व्यक्ति ने उसके घर पर ग्रेनेड फेंका था। हालांकि, ग्रेनेड दीवार से टकराने के बाद फटा नहीं।
सुबह करीब 7:30 बजे इसकी जानकारी स्थानीय लोगों को हुई। पुलिस ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर इलाके की घेराबंदी कर दी। ग्रेनेड के मिलने से इलाके में दहशत का माहौल बन गया और लोग बड़ी संख्या में मौके पर जमा होने लगे। मामले की जांच जारी है।



















