अमृतसर। राजवीर दीक्षित
(3 arrested with 10 kg of heroin and weapons; Pakistan connection) अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशे और अवैध हथियारों की तस्करी से जुड़े कथित नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर 10 किलो से ज्यादा हेरोइन, AK-47 और AK-56 राइफल समेत हथियारों की खेप बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपियों के संपर्क पाकिस्तान में बैठे तस्करों से होने की बात सामने आई है। जांच एजेंसियों को शक है कि हथियार और नशीले पदार्थ सीमा पार से ड्रोन के जरिए मंगवाए गए थे और इन्हें आगे सप्लाई किया जाना था।
खेप पहुंचाने निकले, पुलिस ने दबोचा
पुलिस के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को कथित तौर पर खेप की डिलीवरी करने जाते समय पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान छेहरटा के घुमनपुरा निवासी बिक्रमजीत सिंह, बराड़ गांव निवासी संदीप सिंह और उसकी पत्नी कमलजीत कौर के रूप में हुई है।
AK-47, AK-56 और कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10 किलो से अधिक हेरोइन, एक AK-47, एक AK-56, तीन मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद करने की जानकारी दी है। बरामदगी के बाद पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
आर्म्स और NDPS एक्ट में केस
मामले में घरिंडा थाने में आर्म्स एक्ट और NDPS एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें तीन दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा गया है।
मोबाइल खंगाल रही पुलिस, खुलेंगे और राज?
पुलिस आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फॉरेंसिक जांच कर रही है। जांच का फोकस स्थानीय नेटवर्क के साथ-साथ कथित सीमा पार कनेक्शन पर भी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि खेप कहां से आई, इसे किसके पास पहुंचाया जाना था और इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
हेरोइन की बड़ी खेप और अत्याधुनिक हथियारों की बरामदगी के बाद अब जांच एजेंसियों की नजर उस पूरे नेटवर्क पर है, जिसके जरिए कथित तौर पर नशे और हथियारों की सप्लाई की जा रही थी।



















