Home Crime डॉक्टर से ₹1 करोड़ की रंगदारी! ‘लॉरेंस गैंग’ के नाम पर धमकी

डॉक्टर से ₹1 करोड़ की रंगदारी! ‘लॉरेंस गैंग’ के नाम पर धमकी

पानीपत। राजवीर दीक्षित 

(₹1 crore extortion demand from doctor! Threat made in the name of the ‘Lawrence gang’) पानीपत में सुनील मेमोरियल हॉस्पिटल के संचालक डॉ. संजय सैन से 1 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। आरोपी ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा अनिल पंडित बताया और डॉक्टर को कथित तौर पर 24 घंटे में रकम देने की धमकी दी।

डॉक्टर के मुताबिक, बुधवार दोपहर उनके पास एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। उन्होंने कॉल रिसीव नहीं की। इसके कुछ देर बाद उसी नंबर से वॉट्सऐप पर धमकी भरा वॉयस मैसेज भेजा गया।

‘24 घंटे में पैसे दो, वरना अंजाम भुगतो’

वॉयस मैसेज में आरोपी ने दावा किया कि डॉक्टर की रेकी की जा चुकी है और उनकी गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। आरोपी ने कथित तौर पर पैसे नहीं देने और पुलिस को शिकायत करने की स्थिति में गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।

डॉ. सैन ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। आरोपी द्वारा लॉरेंस गैंग से संबंध होने का दावा किया गया है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

अनिल पंडित के नाम की भी जांच

पुलिस अब उस व्यक्ति की पहचान और उसके द्वारा किए गए दावों की जांच कर रही है। इससे पहले 17 सितंबर को भिवानी के खरक गांव में सिंगर दिलेर खरकिया की गाड़ी पर फायरिंग के मामले में भी अनिल पंडित के नाम का जिक्र सामने आया था।

साइबर सेल और CIA ने संभाली जांच

धमकी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी। साइबर सेल और CIA की टीमें कॉल करने वाले नंबर को ट्रेस करने में जुटी हैं। कॉल डिटेल रिकॉर्ड समेत अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है।

पुलिस आरोपी की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि धमकी के पीछे वास्तव में कौन है और उसका किसी आपराधिक गिरोह से संबंध है या नहीं।

डॉक्टर की सुरक्षा पर भी नजर

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस डॉक्टर की सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर भी ध्यान दे रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!