लुधियाना। राजवीर दीक्षित
(Rape Allegation at Army Camp! Forced Act in Guest Room) लुधियाना के एक आर्मी कैंप में साथी जवान की पत्नी से दुष्कर्म के आरोप का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत के आधार पर डिवीजन नंबर-5 पुलिस ने आरोपी जवान के खिलाफ BNS की धारा 64 के तहत FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महिला के अनुसार, आरोपी जवान ने शुरुआत में उसके परिवार को सरकारी क्वार्टर दिलाने में मदद की। इसके बाद वह परिवार के घर आने-जाने लगा और जरूरत के बहाने महिला से बातचीत करने लगा। शिकायत के मुताबिक, धीरे-धीरे दोनों के बीच नजदीकी बढ़ी और बाद में आरोपी महिला पर जबरन संबंध बनाने का दबाव डालने लगा।
विरोध किया तो तलाक की धमकी
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि जब उसने आरोपी का विरोध किया तो उसने उसके पति से तलाक करवाने की धमकी दी। महिला का पति इंडियन आर्मी में तैनात है और फिलहाल उसकी पोस्टिंग जम्मू में बताई गई है। महिला अपनी बेटी के साथ लुधियाना स्थित सरकारी क्वार्टर में रह रही थी।
गेस्ट रूम में बुलाने का आरोप
महिला के मुताबिक, 28 सितंबर को आरोपी ने उसे फोन कर अपने गेस्ट रूम में बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद आरोपी ने उसकी इच्छा के खिलाफ उसके साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की।
1 अक्टूबर को FIR दर्ज
पुलिस के अनुसार, शिकायत के आधार पर 1 अक्टूबर को मामला दर्ज किया गया है। जांच अधिकारी ASI परमजीत सिंह मामले से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रहे हैं।
आरोपी जवान 152-C रेजीमेंट में तैनात बताया गया है और वह खुद भी शादीशुदा है। पुलिस अब महिला की शिकायत में लगाए गए आरोपों, दोनों के बीच संपर्क और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है।


















