पानीपत। राजवीर दीक्षित
(Violent clash in court: two youths attacked with cleavers; five vehicles vandalized, ₹2.5 lakh looted) पानीपत कोर्ट परिसर में गुरुवार को पेशी पर आए दो युवकों पर हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। गंडासे, लाठी-डंडे और अन्य हथियार लेकर पहुंचे 8-10 युवकों ने नईम और अक्षय को घेरकर बेरहमी से पीटा। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के दौरान कोर्ट की पार्किंग में खड़ी करीब पांच गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की गई।
घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जिसमें पार्किंग में एक युवक पर कई लोग लाठी-डंडों से हमला करते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही इंडस्ट्रियल एरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सिविल अस्पताल पहुंचाया।
पुरानी रंजिश में कोर्ट बना जंग का मैदान
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा है। रोहतक के बलियाना गांव निवासी अक्षय और गंगाराम कॉलोनी निवासी नईम थाना ओल्ड इंडस्ट्रियल एरिया में दर्ज एक मामले में तारीख भुगतने पानीपत कोर्ट पहुंचे थे।
आरोप है कि कोर्ट परिसर में पहले से घात लगाए बैठे सुमित निवासी खुखराना, शुभम भट्टी निवासी मतलौडा और जतिन उर्फ पाटा निवासी कवि ने 8-10 साथियों के साथ दोनों को घेर लिया। इसके बाद बिंडे, गंडासे और अन्य हथियारों से हमला कर दिया गया। वारदात के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
सोशल मीडिया धमकी से शुरू हुआ था विवाद
जांच में सामने आया है कि दोनों गुटों के बीच विवाद फरवरी से चला आ रहा है। शुभम ने 27 फरवरी को पुलिस को शिकायत देकर आरोप लगाया था कि कुछ युवकों ने सोशल मीडिया पर वीडियो डालकर उसके परिवार को जान से मारने की धमकी दी थी।
इससे एक रात पहले 26 फरवरी को 15-20 युवकों के दो कारों और चार बाइक पर उसके घर पहुंचने का भी आरोप है। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी स्कॉर्पियो के शीशे तोड़ दिए और गंडासियों से गाड़ी को क्षतिग्रस्त किया। आंगन में खड़ी बाइक को भी नुकसान पहुंचाया गया।
सुमित और दोस्त पर भी हुआ था हमला
आरोप है कि बाद में कालका से लौट रहे शुभम के भाई सुमित की कार को सुताना गांव के पास घेर लिया गया। हमलावरों ने वेन्यू कार पर गंडासियों से वार किए और सुमित व उसके दोस्त सोहेल को बाहर निकालकर पीटा। ग्रामीणों के पहुंचने पर दोनों खेतों की तरफ भागकर बच निकले।
पुलिस के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश के चलते नईम और अक्षय को कोर्ट में निशाना बनाया गया। पुलिस अब हमले में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान और उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
कोर्ट पार्किंग में तोड़फोड़, कार से ₹2.5 लाख गायब
इसी दौरान कोर्ट में रजिस्ट्री के काम से आए गोपाल कॉलोनी निवासी अजय की अर्टिगा कार को भी निशाना बनाया गया। अजय के मुताबिक, वह कार पार्किंग में खड़ी कर अंदर गया था। कुछ देर बाद झगड़े की सूचना मिलने पर बाहर आया तो कार क्षतिग्रस्त मिली और उसमें रखा बैग गायब था।
अजय ने पुलिस को बताया कि बैग में रजिस्ट्री के दस्तावेजों के साथ ₹2.50 लाख नकद रखे थे। पुलिस इस मामले की भी जांच कर रही है।
कोर्ट परिसर की सुरक्षा पर उठे सवाल
वकील वीरेंद्र मलिक ने कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि करीब एक सप्ताह पहले एक एडवोकेट पर हमले के मामले में आरोपी को जमानत मिलने के बाद उसने कथित तौर पर वकील के घर के बाहर जाकर दोबारा परेशान किया।
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस अब पूरे मामले में हमलावरों की पहचान, पुरानी रंजिश और ₹2.5 लाख गायब होने की घटना को जोड़कर जांच कर रही है।

















