Home Punjab पंजाब में पादरी की हत्या, कटर से गला काटा; CCTV में भागते...

पंजाब में पादरी की हत्या, कटर से गला काटा; CCTV में भागते दिखे हमलावर

गुरदासपुर। राजवीर दीक्षित 

(Pastor murdered in Punjab; throat slit with a cutter; attackers seen fleeing in CCTV footage) बटाला के गांधी कैंप में गुरुवार सुबह दिनदहाड़े पादरी की हत्या से सनसनी फैल गई। घर में ही चर्च चलाने वाले बलविंदर पाल पर दो हमलावरों ने हमला कर दिया। आरोप है कि लोहे का कटर इस्तेमाल कर उनकी हत्या की गई। वारदात के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए।

परिजनों के अनुसार, बलविंदर पाल घर में अकेले रहते थे। सुबह करीब 9:30 बजे दो युवक उनके घर में दाखिल हुए और उन पर हमला कर दिया। परिवार के लोग उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

CCTV में बाइक पर भागता दिखा आरोपी

वारदात के बाद सामने आए CCTV फुटेज में दो संदिग्ध नजर आ रहे हैं। फुटेज में सफेद शर्ट पहने एक युवक आगे जाता दिखाई देता है, जबकि उसके पीछे शॉर्ट्स पहना एक युवक भागता नजर आ रहा है। इसके बाद वह बाइक पर सवार होकर फरार होता दिखाई देता है।

पुलिस के मुताबिक, CCTV में नजर आ रहे संदिग्धों में से एक की बाजू नहीं है, जिसके आधार पर उसकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

भतीजे ने कहा- किसी से दुश्मनी नहीं थी

मृतक के भतीजे सन्नी ने बताया कि बलविंदर पाल की किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी। घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

थाना प्रभारी लखविंदर सिंह के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर बलविंदर पाल की मौत हो चुकी थी।

एक आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है। परिवार के बयानों के आधार पर गांधी कैंप निवासी नरेश के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर वारदात में शामिल दूसरे आरोपी की तलाश कर रही है। हत्या के पीछे की वजह का पता लगाने के लिए भी जांच जारी है।

Translate »
error: Content is protected !!