कुरुक्षेत्र। राजवीर दीक्षित
(Uproar at university; sit-in protest following assault on a professor) कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में प्रोफेसर से मारपीट और युवती को स्कॉर्पियो से टक्कर मारने की घटना के विरोध में शुक्रवार को छात्रों और शिक्षकों ने मोर्चा खोल दिया। प्रदर्शनकारी वीसी ऑफिस के सामने स्थित चौक पर धरने पर बैठ गए। घटना के बाद विश्वविद्यालय परिसर की सुरक्षा और बाहरी लोगों की आवाजाही को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
युवती को टक्कर, विरोध करने पर प्रोफेसर से मारपीट
मामला 14 अक्टूबर का बताया जा रहा है। आरोप है कि एक बाहरी व्यक्ति ने स्कॉर्पियो से एक युवती को टक्कर मार दी। इसके बाद रास्ते में विरोध करने पर लॉ विभाग के एक प्रोफेसर के साथ मारपीट की गई।
घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से एफआईआर दर्ज करवाई गई है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के विरोध में छात्र और प्रोफेसर धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों में घटना को लेकर रोष है और विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं। अब मामले में पुलिस की जांच और विश्वविद्यालय प्रशासन की अगली कार्रवाई पर नजर है। फिलहाल, मारपीट और टक्कर से जुड़े आरोपों की जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी है।


















