(FSSAI cracks down on Radisson Blu! Warning issued regarding potential license cancellation) देश के प्रमुख होटल ब्रांड रैडिसन ब्लू के दिल्ली स्थित होटल के संचालक AB Hotels Ltd पर खाद्य सुरक्षा नियमों के उल्लंघन को लेकर कार्रवाई की गई है। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने शुक्रवार को नोटिस जारी कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। प्राधिकरण ने चेतावनी दी है कि निर्देशों का पालन नहीं करने पर होटल का खाद्य सुरक्षा लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है।
FSSAI के मुताबिक, होटल में निरीक्षण के दौरान साफ-सफाई, उपकरणों के रखरखाव और खाद्य पदार्थों के भंडारण से जुड़ी कई कमियां सामने आईं। होटल संचालक को दस्तावेजों और जहां लागू हो, फोटो सहित विस्तृत कार्रवाई रिपोर्ट जमा करने के लिए कहा गया है।
किचन में गंदगी, कॉकरोच और मक्खियों की मौजूदगी
प्राधिकरण ने बताया कि परिसर और उपकरणों के रखरखाव में कमियां मिलीं। इनमें जंग लगी मशीनें, फ्रीजर से पानी का रिसाव तथा रेफ्रिजरेशन, तापमान की निगरानी, वेंटिलेशन, फर्श और रोशनी से जुड़ी खामियां शामिल हैं।
निरीक्षण में सफाई और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था भी अपर्याप्त पाई गई। कुछ स्थानों पर पानी जमा होने, जल निकासी और खाद्य कचरे के प्रबंधन में समस्याएं सामने आईं। कीट नियंत्रण व्यवस्था में कमियों के साथ कॉकरोच और मक्खियों की गतिविधि भी दर्ज की गई।
फफूंद लगे फल-सब्जियों की आपूर्ति पर सवाल
FSSAI के अनुसार, खाद्य सामग्री खरीदने और प्राप्त करते समय की जाने वाली जांच पर्याप्त नहीं थी। निरीक्षण में फफूंद प्रभावित और खराब हो चुके फल-सब्जियां मिलने की बात कही गई। स्वीकृत आपूर्तिकर्ताओं के रिकॉर्ड और खाद्य सामग्री की आपूर्ति का पता लगाने वाली व्यवस्था में भी कमियां दर्ज की गईं।
खाना पकाने के तेल की गुणवत्ता पर भी सवाल
प्राधिकरण ने खाना पकाने के तेल की गुणवत्ता जांच में निर्धारित प्रक्रियाओं का पालन नहीं होने की बात कही। NYC किचन में इस्तेमाल हो रहे तेल के नमूनों में टोटल पोलर कंपाउंड (TPC) के मान 31 और 24.4 पाए गए।
इसके अलावा कच्चे और पके भोजन, शाकाहारी और मांसाहारी खाद्य पदार्थों, एलर्जी पैदा करने वाले और अन्य खाद्य पदार्थों तथा खाने की चीजों और गैर-खाद्य सामग्री को अलग रखने में भी कमियां सामने आईं।
कर्मचारियों की स्वच्छता पर भी आपत्ति
FSSAI ने बताया कि कुछ खाद्य कर्मी दस्ताने और हेयरनेट के बिना काम कर रहे थे। कुछ कर्मचारियों ने आभूषण पहने हुए थे और उनके नाखून लंबे थे। होटल में खाद्य सुरक्षा लाइसेंस प्रमुखता से प्रदर्शित नहीं किए गए थे। लाइसेंस की शर्तों और खाद्य कारोबार की गतिविधियों के कवरेज से जुड़ी कमियां भी दर्ज की गईं।
अब होटल प्रबंधन की कार्रवाई पर नजर: FSSAI ने तत्काल सुधार करने और प्रमाण सहित रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया कि अनुपालन नहीं होने पर लाइसेंस निलंबन सहित आगे की कार्रवाई की जा सकती है। फिलहाल, होटल प्रबंधन की ओर से इन कमियों पर प्रतिक्रिया की जानकारी उपलब्ध नहीं है।


















