Home Una News टेबल टेनिस में स्कॉलर्स स्कूल का धमाका, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेगी ऋद्धि!

टेबल टेनिस में स्कॉलर्स स्कूल का धमाका, राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खेलेगी ऋद्धि!

ऊना। राजवीर दीक्षित

 

(Scholars School makes a splash in table tennis; Riddhi to compete in the national championship!) स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल ऊना की छात्राओं ने प्रदेश स्तरीय स्कूली टेबल टेनिस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। अंडर-14 लड़कियों के वर्ग में जिला की टीम ने उपविजेता का खिताब हासिल किया, जबकि स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल की प्रतिभाशाली खिलाड़ी ऋद्धि सैनी का चयन राष्ट्रीय स्कूली टेबल टेनिस प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है। इस उपलब्धि पर स्कूल के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनकी मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत है और इससे बच्चों को खेलों में आगे बढ़ने का प्रोत्साहन मिलेगा।

प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिता में जिला की टीम में स्कॉलर्स यूनिफाइड स्कूल की ऋद्धि सैनी के साथ रूपांशी और राघवी भी शामिल रही। जिला ऊना की टीम में स्कूल की तीनों खिलाड़ियों ने अपने खेल कौशल का परिचय देते हुए विभिन्न मुकाबलों में जीत दर्ज की और फाइनल तक का सफर तय कर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, ऋद्धि सैनी ने जिला स्तरीय ओपन टेबल टेनिस प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर भी अपनी प्रतिभा साबित की थी। अब राष्ट्रीय स्तर पर हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलने से विद्यालय में खुशी का माहौल है।

प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों की इस सफलता के पीछे उनकी नियमित मेहनत, अनुशासन और प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में भी इसी उत्साह के साथ आगे बढ़ने और राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्कूल का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी अपनी प्रतिभा निखारने के अवसर प्रदान करना है। खेल बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित करते हैं। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों से भी पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने का आह्वान किया।

धीरज शर्मा ने इस उपलब्धि का श्रेय खेल प्रशिक्षण में योगदान देने वाले संजू शर्मा, आंचल, रेणुका, मनु और पूजा को भी दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और प्रशिक्षकों के सामूहिक प्रयासों से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है। विद्यालय प्रबंधन ने उम्मीद जताई कि ऋद्धि राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर स्कूल और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेगी।

Translate »
error: Content is protected !!