Home Una News ऊना की नव्या ठाकुर का हॉकी में धमाका! राष्ट्रीय टीम में बनाई...

ऊना की नव्या ठाकुर का हॉकी में धमाका! राष्ट्रीय टीम में बनाई जगह

ऊना। सत्यदेव शर्मा 

(Una’s Navya Thakur makes a splash in hockey! Secures a spot in the national team) हिमाचल प्रदेश के ऊना की होनहार हॉकी खिलाड़ी नव्या ठाकुर ने अपनी मेहनत और शानदार प्रदर्शन के दम पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्कॉलर्स यूनिफाइड सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा नव्या का चयन राष्ट्रीय स्तर की हॉकी प्रतियोगिता के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम में हुआ है। उनकी इस सफलता से स्कूल और जिले में खुशी की लहर है।

नव्या ने हाल ही में मंडी जिले के हटगढ़ में आयोजित हिमाचल प्रदेश स्कूली खेल प्रतियोगिताओं में अपने खेल का दम दिखाया था। जिला स्तरीय टीम की ओर से खेलते हुए उन्होंने शानदार कौशल, अनुशासन और आत्मविश्वास का परिचय दिया। उनके प्रदर्शन से प्रभावित होकर चयनकर्ताओं ने उन्हें प्रदेश की टीम में जगह दी।

स्कूल के प्रबंध निदेशक धीरज शर्मा ने नव्या को बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना गर्व की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव्या राष्ट्रीय मंच पर भी शानदार प्रदर्शन कर हिमाचल और स्कूल का नाम रोशन करेंगी।

स्कूल की निदेशक अदिति शर्मा ने इस सफलता का श्रेय खेल प्रशिक्षकों संजू शर्मा, आंचल, रेणुका, मनु बिंद्रा और नव्या के हॉकी कोच के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल में विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ खेलों में आगे बढ़ने के लिए भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

अब नव्या के सामने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा साबित करने की चुनौती है। उनकी इस उपलब्धि ने ऊना की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान दी है।

Translate »
error: Content is protected !!