शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश की राजनीति से दुखद खबर सामने आई है। रामपुर विधानसभा क्षेत्र से चार बार विधायक रहे कांग्रेस नेता नंद लाल का सोमवार सुबह निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। उन्होंने चमियाणा स्थित अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज में अंतिम सांस ली। वह लंबे समय से बीमार चल रहे थे।
नंद लाल हिमाचल प्रदेश राज्य वित्त आयोग के अध्यक्ष पद पर भी कार्यरत थे। उनके निधन से कांग्रेस पार्टी और राजनीतिक गलियारों में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया। उन्होंने कहा कि नंद लाल कांग्रेस के प्रति पूरी तरह समर्पित थे और उन्होंने कभी अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं किया।
नंद लाल का जन्म 16 अप्रैल 1954 को रामपुर बुशहर के देवठी गांव में हुआ था। उन्होंने हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय, शिमला से राजनीति विज्ञान में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद वह भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) में शामिल हुए। उन्होंने जम्मू-कश्मीर में ITBP बटालियन की कमान संभाली और बाद में स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) में भी सेवाएं दीं।
वर्ष 2007 में स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति लेने के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा। कांग्रेस के टिकट पर रामपुर विधानसभा क्षेत्र से लगातार चार चुनाव 2007, 2012, 2017 और 2022 में जीतकर विधायक बने।
नंद लाल अपने पीछे पत्नी, बेटा, बहू और पोते-पोती को छोड़ गए हैं।


















