शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस की दोबारा सत्ता में वापसी का भरोसा जताया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर कांग्रेस लगातार दूसरी बार सरकार बनाती है तो असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा को भी शपथ ग्रहण समारोह में आमंत्रित किया जाएगा।
दरअसल, हिमंता बिस्वा सरमा ने हाल ही में बयान दिया था कि अगले साल हिमाचल में भाजपा की सरकार बनने के बाद वह प्रदेश का दौरा करेंगे। इस पर पलटवार करते हुए सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर सरमा सहित सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया जाएगा।
सुक्खू ने भाजपा पर निशाना साधते हुए दावा किया कि हिमाचल भाजपा पांच गुटों में बंटी हुई है और पार्टी के भीतर आपसी मतभेद चल रहे हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि भाजपा के 16 मौजूदा विधायक अगला विधानसभा चुनाव जीतने की स्थिति में नहीं हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल में भाजपा की गुटबाजी को नियंत्रित करने के लिए असम के मुख्यमंत्री को राजनीतिक गतिविधियों में शामिल करना पार्टी की अंदरूनी स्थिति को दर्शाता है।
सुक्खू ने अपनी सरकार के ‘व्यवस्था परिवर्तन’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सालाना 8,000 से 10,000 करोड़ रुपये की राजस्व घाटा अनुदान (RDG) सहायता बंद होने के बावजूद प्रदेश सरकार ने वित्तीय स्थिति संभाली है।
उन्होंने कहा कि ऐसी परिस्थितियों में केंद्र से आर्थिक सहायता मिलने के बावजूद भाजपा सरकार के लिए राज्य का वित्तीय प्रबंधन आसान नहीं होता।
EVM को लेकर भाजपा के आरोपों पर सवाल उठाते हुए सुक्खू ने पूछा कि यदि मशीनों की विश्वसनीयता पर संदेह था तो 2022 के हिमाचल विधानसभा चुनाव के बाद सवाल क्यों नहीं उठाए गए और 2024 के चुनाव के बाद ही यह मुद्दा क्यों सामने आया?
वहीं, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के खिलाफ कांग्रेस के प्रदर्शन का समर्थन करते हुए उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनहित के मुद्दे उठाना विपक्ष की जिम्मेदारी है। राहुल गांधी के आह्वान पर आयोजित रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने का उन्होंने स्वागत किया। इस दौरान हिमाचल कांग्रेस के कई नेता भी शामिल हुए।
मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को अटल इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल सुपर स्पेशियलिटीज (AIMSS), चमियाणा का दौरा कर विकास कार्यों और अस्पताल की व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
उन्होंने अधिकारियों को सभी निर्माण और विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल के विभिन्न विभागों में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की विस्तृत जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने उपचाराधीन मरीजों से बातचीत कर उनका हालचाल जाना और नर्सिंग स्टाफ से भी चर्चा की। इस अवसर पर प्रधान सलाहकार (मीडिया) नरेश चौहान, AIMSS के प्रिंसिपल डॉ. बृज शर्मा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


















