द टारगेट न्यूज़:
साझा मुलाजिम मंच के संयोजक सुखचैन खेड़ा ने सरकारी सेवा से इस्तीफा दे दिया है। हालांकि, पंजाब सरकार ने अभी तक उनके इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया है। खेड़ा के पास अभी सेवा के लगभग छह साल बचे थे और उनकी सेवानिवृत्ति 2032 में होनी थी। इस इस्तीफे के बाद आगामी विधानसभा चुनावों के मद्देनजर उनके राजनीति में आने की अटकलें तेज हो गई हैं, लेकिन खेड़ा ने इन दावों को खारिज किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका चुनाव लड़ने का कोई इरादा नहीं है और वे अब तक केवल कर्मचारियों के अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे थे। खेड़ा ने कहा कि वे सत्ताधारी पार्टी के खिलाफ काम करेंगे क्योंकि सरकार ने समाज के हर वर्ग, विशेषकर 7.5 लाख कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के साथ दुर्व्यवहार किया है। सुखचैन खेड़ा पंजाब में सरकारी कर्मचारियों और पेंशनभोगियों के आंदोलनों में एक प्रमुख चेहरा रहे हैं। साझा मुलाजिम मंच के बैनर तले उन्होंने पुरानी पेंशन योजना को लागू करने, महंगाई भत्ते की लंबित किस्तों और एरियर के भुगतान, वेतनमानों में संशोधन और अन्य सेवा-संबंधी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा संभाला है। वे राज्य सरकार के साथ कर्मचारियों के टकराव में एक मुखर आवाज बनकर उभरे हैं।













