मस्कट। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(India to face Pakistan in the Under-19 Asia Cup final!) अंडर-19 एशिया कप में एक बार फिर भारत और पाकिस्तान के बीच खिताबी मुकाबला देखने को मिलेगा। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह बनाई, जबकि पाकिस्तान ने बांग्लादेश को 9 विकेट से मात दी। दोनों टीमें 14 नवंबर को खिताब के लिए आमने-सामने होंगी।
भारत ने 36.5 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
गुरुवार को खेले गए सेमीफाइनल में अफगानिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 8 विकेट पर 227 रन बनाए। टीम की ओर से नुमान सालारजई और शाह फैसल रहीमी ने 51-51 रन की पारियां खेलीं।
भारत की ओर से ईशान सूद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 43 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। आर्यन सावसानी ने भी 2 विकेट झटके।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम ने 36.5 ओवर में 2 विकेट खोकर मुकाबला अपने नाम कर लिया।
आर्यवीर सहवाग की फिफ्टी, कप्तान लक्ष्य ने बनाए 93 रन
भारत की जीत में कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने 93 रन की शानदार पारी खेली। वहीं, वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग ने 57 गेंदों पर 51 रन बनाए। वीके विनीत 57 रन बनाकर नाबाद रहे और छक्का लगाकर टीम को जीत दिलाई।
पिछली बार पाकिस्तान ने भारत को दी थी करारी शिकस्त
भारत और पाकिस्तान पिछली बार भी अंडर-19 एशिया कप के फाइनल में भिड़े थे। उस मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 191 रन के बड़े अंतर से हराकर खिताब जीता था।
भारतीय टीम पिछले दो फाइनल हार चुकी है। 2024 में उसे बांग्लादेश के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 2025 में पाकिस्तान ने उसे शिकस्त दी थी।
हालांकि, टूर्नामेंट के इतिहास में भारत सबसे सफल टीम है और अब तक 8 बार खिताब जीत चुका है। ऐसे में 14 नवंबर का फाइनल भारत के लिए पिछली हार का हिसाब बराबर करने का बड़ा मौका होगा।













