वेलिंगटन। टारगेट न्यूज नेटवर्क
(Rain hits the second ODI! Team India’s practice session cancelled) भारत और न्यूजीलैंड के बीच शनिवार को होने वाले दूसरे वनडे मुकाबले पर बारिश का खतरा मंडरा रहा है। वेलिंगटन के हेनरी स्टेडियम में सुबह 7:30 बजे शुरू होने वाले मैच के दौरान बारिश की 60 प्रतिशत तक संभावना जताई गई है। मौसम का मिजाज देखते हुए मुकाबले के धुलने या प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, मैच शुरू होने से करीब एक घंटे पहले बारिश हो सकती है। इसके बाद पूरे मुकाबले के दौरान भी बारिश का खतरा बना रहेगा। खराब मौसम के चलते भारतीय टीम ने शुक्रवार को अपना प्रैक्टिस सेशन रद्द कर दिया, जबकि न्यूजीलैंड की टीम को वेलिंगटन कॉलेज की इंडोर फैसिलिटी में अभ्यास करना पड़ा।
पहले वनडे में भी बारिश ने डाला था खलल
भारत पांच मैचों की सीरीज में 1-0 से आगे है। ऑकलैंड में खेले गए पहले वनडे में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को पांच विकेट से हराया था। उस मुकाबले में भी बारिश ने तीन बार खेल रोका और करीब डेढ़ घंटे तक खिलाड़ी मैदान से बाहर रहे।
न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 185 रन बनाए थे। बारिश के कारण भारत को संशोधित लक्ष्य के रूप में 32 ओवर में 143 रन मिले, जिसे टीम इंडिया ने 14.5 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।
वेलिंगटन में भारत का पलड़ा भारी
वेलिंगटन में भारतीय टीम का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाफ बेहतर रहा है। दोनों देशों के बीच यहां खेले गए तीन वनडे मुकाबलों में भारत ने दो में जीत दर्ज की है।
वहीं, दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 124 वनडे मैच खेले गए हैं। इनमें भारत ने 64 और न्यूजीलैंड ने 52 मुकाबले जीते हैं।
गिल-कोहली पर रहेंगी निगाहें
भारतीय कप्तान शुभमन गिल शानदार फॉर्म में हैं। उन्होंने 2026 में 13 वनडे मुकाबलों में 932 रन बनाए हैं, जिसमें एक दोहरा शतक भी शामिल है। पहले वनडे में भी गिल ने 37 रन बनाए थे और विराट कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 113 रनों की साझेदारी की थी।
विराट कोहली ने पिछले मुकाबले में 74 रनों की अहम पारी खेली थी। वहीं, पहले मैच में शून्य पर आउट हुए रोहित शर्मा दूसरे वनडे में बड़ी पारी खेलकर वापसी करना चाहेंगे।
डेरिल मिचेल न्यूजीलैंड की सबसे बड़ी उम्मीद
न्यूजीलैंड की ओर से डेरिल मिचेल पर खास नजर रहेगी। उन्होंने 2026 में सात मैचों में 501 रन बनाए हैं। भारत के खिलाफ भी उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। पिछले आठ मुकाबलों में वह चार शतक और दो अर्धशतक लगा चुके हैं।
संभावित प्लेइंग-11
भारत: शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल, केएल राहुल (विकेटकीपर), नमन धीर, अनशुल कंबोज, औकिब नबी, गुरनूर बराड़ और अर्शदीप सिंह।
न्यूजीलैंड: टिम साइफर्ट, विल यंग, हेनरी निकोल्स, डेरिल मिचेल, टॉम लैथम (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, मिचेल सैंटनर (कप्तान), नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, जैकब डफी और ब्लेयर टिकनर।
अब भारतीय फैंस की नजरें सिर्फ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नहीं, बल्कि वेलिंगटन के मौसम पर भी टिकी हैं। अगर बारिश ने खेल बिगाड़ा तो सीरीज में भारत की बढ़त कायम रहेगी, लेकिन क्रिकेट प्रेमियों को पूरे मुकाबले का रोमांच देखने के लिए इंतजार करना पड़ सकता है।


















