Home Political अकाली गठबंधन पर भाजपा में फूट, ग्रेवाल का अपनों पर वार!

अकाली गठबंधन पर भाजपा में फूट, ग्रेवाल का अपनों पर वार!

लुधियाना। राजवीर दीक्षित 

 

(BJP divided over Akali alliance; Grewal lashes out at his own party members!) पंजाब में अकाली दल और भाजपा के संभावित गठबंधन को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। गठबंधन की औपचारिक घोषणा से पहले भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी और केंद्रीय मंत्री सीआर पाटिल 17 नवंबर को पंजाब दौरे पर आ रहे हैं। वहीं, गठबंधन के मुद्दे पर पंजाब भाजपा के भीतर मतभेद खुलकर सामने आने लगे हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता हरजीत सिंह ग्रेवाल ने साफ कहा है कि पार्टी के पुराने और टकसाली नेता अकाली दल के साथ दोबारा गठबंधन के पक्ष में नहीं हैं। उनके मुताबिक, दूसरी पार्टियों से भाजपा में आए नेता ही गठबंधन की पैरवी कर रहे हैं।

पुराने भाजपाई अकेले चुनाव लड़ने के पक्ष में

ग्रेवाल ने कहा कि पार्टी के पुराने नेता चाहते हैं कि भाजपा पंजाब में अपने दम पर चुनाव लड़े। उनका मानना है कि राज्य में भाजपा को अपनी राष्ट्रवादी विचारधारा और राजनीतिक पहचान मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने संकेत दिया कि टकसाली नेताओं की सोच गठबंधन के समर्थकों से अलग है।

बाहर से आए नेताओं पर साधा निशाना

ग्रेवाल ने कहा कि दूसरी पार्टियों से भाजपा में शामिल हुए कुछ नेता अकाली दल के साथ गठबंधन चाहते हैं। हालांकि, गठबंधन को लेकर अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान को ही करना है और स्थानीय नेताओं की इसमें निर्णायक भूमिका नहीं है।

दिल्ली में सीट शेयरिंग पर चर्चा की खबर

पार्टी सूत्रों के हवाले से दावा किया जा रहा है कि 13 नवंबर की देर रात सुखबीर बादल की दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के साथ गठबंधन को लेकर बातचीत हुई। सूत्रों के मुताबिक, सीटों के बंटवारे समेत कई मुद्दों पर चर्चा हुई और सीट शेयरिंग पर सहमति बनने की बात भी सामने आई है। इसके बाद सीआर पाटिल के पंजाब दौरे का कार्यक्रम तय होने की जानकारी दी गई है।

कैप्टन और जाखड़ भी कर चुके हैं पैरवी

हरजीत सिंह ग्रेवाल भाजपा के वरिष्ठ नेताओं में शामिल हैं और राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन हैं। राजनीतिक हलकों में उनके बयान को पार्टी के भीतर पुराने और नए नेताओं के बीच मतभेद के संकेत के तौर पर देखा जा रहा है।

ग्रेवाल ने सीधे तौर पर उन नेताओं की भूमिका पर सवाल उठाए हैं, जो कांग्रेस और अन्य दलों से भाजपा में आए हैं। कैप्टन अमरिंदर सिंह और सुनील जाखड़ सहित कई नेता पहले भी अकाली दल के साथ गठबंधन की वकालत कर चुके हैं।

अब सबकी नजरें 17 नवंबर को सीआर पाटिल के पंजाब दौरे पर टिकी हैं। देखना होगा कि भाजपा हाईकमान गठबंधन को लेकर क्या रुख अपनाता है और पार्टी के भीतर उभर रहे मतभेदों को कैसे संभालता है।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
तरनतारन हादसा: पंजाब के सीएम मान ने प्रत्येक मृतक के परिवार को 5-5 लाख रुपये देने की घोषणा की जैसे-जैसे चुनाव नजदीक आ रहे हैं, पार्टियां डेरा बल्लन के आसपास दलित पहुंच की योजना बना रही हैं मोहाली में जयंती माजरी के पास एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई बठिंडा फूलगोभी उत्पादकों को घाटे का सामना करना पड़ रहा है क्योंकि कीमतें गिरकर 3-5 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं 35 से 104 साल तक के एथलीट पंजाब स्टेट मास्टर्स एथलेटिक्स मीट में उम्र को मात देते हैं चंडीगढ़, पंजाब ने राष्ट्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता में जीत दर्ज की जीरकपुर फ्लाईओवर पर ट्रक में लगी आग तरनतारन में दो 'तीरथ यात्रा' बसों की टक्कर में 5 की मौत पुलिस ने 16 वर्षीय किशोरी से बलात्कार के आरोप में युवक पर मामला दर्ज किया है पंजाब भाजपा के दिग्गजों ने अकालियों के साथ नए गठबंधन का विरोध किया