कैथल। राजवीर दीक्षित
(The game of expired goods in a bakery! Major revelation during a food safety raid) हरियाणा के कैथल में खाद्य सुरक्षा से खिलवाड़ का गंभीर मामला सामने आया है। अंबाला रोड स्थित चॉकोलेटिया बेकरी स्टोर पर फूड सेफ्टी विभाग की छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में एक्सपायरी डेट वाला और बिना तारीख अंकित सामान बरामद हुआ। जांच में कुछ उत्पादों की एक्सपायरी डेट मिटाई हुई भी मिली। विभाग ने सामान के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में सामने आया कि दुकान में कई ऐसे खाद्य उत्पाद रखे हुए थे, जिनकी एक्सपायरी छह महीने पहले ही हो चुकी थी। इसके बावजूद सामान स्टोर में मौजूद था।
छह महीने पहले एक्सपायर सामान भी मिला
फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अभिषेक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान बेकरी उत्पाद तैयार करने में इस्तेमाल होने वाली कई सामग्री पर निर्माण या एक्सपायरी की तारीख दर्ज नहीं थी।
सितंबर में एक्सपायर हो चुकी ब्रेड भी इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। इसके अलावा एक्सपायरी डेट वाली चॉकलेट, पुरानी चटनी और जैम सहित अन्य खाद्य सामग्री भी मिली।
अधिकारियों के अनुसार, इस तरह के उत्पादों का इस्तेमाल उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए जोखिम पैदा कर सकता है।
सामान से मिटाई गई एक्सपायरी डेट!
छापेमारी के दौरान सबसे गंभीर बात यह सामने आई कि कुछ बंद पैकेटों और डिब्बों पर लिखी तारीख मिटाई हुई मिली।
फूड सेफ्टी अधिकारी के मुताबिक, प्रथम दृष्टया ऐसा प्रतीत होता है कि उत्पादों की तारीख जानबूझकर मिटाई गई, ताकि ग्राहकों को उनकी एक्सपायरी के बारे में जानकारी न मिल सके।
विभाग अब इस पहलू की भी जांच कर रहा है कि संबंधित उत्पादों को बिक्री या खाद्य सामग्री तैयार करने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा था या नहीं।
संचालक ने कहा- वापस भेजना था सामान
जांच के दौरान स्टोर संचालक ने दावा किया कि एक्सपायर हो चुके उत्पादों को वापस भेजा जाना था। हालांकि, अधिकारियों ने पाया कि कई उत्पाद महीनों से दुकान में ही रखे हुए थे।
फूड सेफ्टी विभाग ने स्पष्ट किया कि खराब और एक्सपायरी सामान को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट या सुरक्षित तरीके से अलग करना जरूरी है। ऐसे उत्पादों को रसोई या खाद्य सामग्री तैयार करने वाली जगह पर रखना उचित नहीं है, क्योंकि उनके इस्तेमाल की आशंका बनी रहती है।
सैंपल रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई
विभाग ने संदिग्ध खाद्य उत्पादों के सैंपल लिए हैं। इनकी जांच रिपोर्ट आने के बाद स्टोर संचालक के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
फूड सेफ्टी अधिकारी डॉ. अभिषेक कुमार ने कहा कि एक्सपायरी उत्पादों की बिक्री और खाद्य सामग्री पर तारीख मिटाने जैसी अनियमितताओं को गंभीरता से लिया जा रहा है।
फिलहाल विभाग जांच में जुटा है। सैंपल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई तय की जाएगी।









