धर्मशाला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सोमवार को धर्मशाला में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी की पुस्तक ‘Belonging: A Journey of Love’ का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने पुस्तक को सोनिया गांधी के जीवन, संघर्ष और दृढ़ संकल्प का संवेदनशील चित्रण बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुस्तक में सोनिया गांधी के व्यक्तिगत जीवन, कठिन परिस्थितियों और चुनौतियों का सामना करने के अनुभवों को प्रस्तुत किया गया है। यह दर्शाती है कि उन्होंने साहस, धैर्य और दृढ़ इच्छाशक्ति के बल पर जीवन की मुश्किलों का सामना किस प्रकार किया।
सुक्खू ने कहा कि सोनिया गांधी की जीवन यात्रा कठिन परिस्थितियों में धैर्य बनाए रखने, मजबूत चरित्र और बदलते हालात के अनुसार स्वयं को ढालने की क्षमता का उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि पुस्तक पाठकों को सोनिया गांधी के व्यक्तिगत अनुभवों को समझने और जीवन की चुनौतियों का सामना करने के लिए महत्वपूर्ण सीख लेने का अवसर प्रदान करती है।
मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से युवाओं से इस पुस्तक को पढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि दूसरों के जीवन के अनुभवों और संघर्षों को समझना व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
उन्होंने कहा कि ऐसे अनुभव युवाओं को सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने और जीवन में आने वाली कठिनाइयों का सामना करने की प्रेरणा देते हैं।
पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में हिमाचल प्रदेश कांग्रेस मामलों की प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की नेता रजनी पाटिल, सह-प्रभारी विदित चौधरी और चेतन चौहान सहित प्रदेश मंत्रिमंडल के सदस्य, विधायक और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।













