सोलन।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल में शनिवार को पाकिस्तान के लाहौर स्थित एक महिला कॉलेज के नाम वाला बैनर लगे गुब्बारे मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। ये गुब्बारे ढडोगी गांव में एक मकान की छत पर लोहे की रेलिंग में फंसे मिले। मकान मालिक जय प्रकाश ने इसकी सूचना पुलिस को दी।
शिकायत के आधार पर 21 नवंबर को अर्की पुलिस थाने में रोजनामचा रिपोर्ट दर्ज की गई। पुलिस ने गुब्बारों और बैनर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
सोलन के पुलिस अधीक्षक साई दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि साइबर क्राइम सेल की शुरुआती जांच में सामने आया है कि ये गुब्बारे 19 नवंबर को लाहौर के संबंधित कॉलेज में आयोजित वार्षिक खेल समारोह के दौरान छोड़े गए थे।
साइबर सेल के कर्मचारियों ने ऐसे ही गुब्बारे छोड़े जाने के वीडियो भी ट्रेस किए हैं। इन वीडियो में कॉलेज के कार्यक्रम के दौरान गुब्बारे हवा में छोड़े जाते दिखाई दे रहे हैं।
पुलिस के अनुसार, कॉलेज के वार्षिक खेल समारोह में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज (PML-N) की नेता साजिदा फारूक तरार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुई थीं। एसपी ने बताया कि संबंधित संस्थान काफी पुराना कॉलेज बताया जा रहा है।
प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में इससे पहले भी पाकिस्तानी बैनर लगे गुब्बारे मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में इन घटनाओं को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की जांच और सतर्कता पर नजर रहेगी। फिलहाल अर्की में मिले गुब्बारों के मामले में पुलिस की जांच जारी है।













