ऊना, 21 नवंबर।राजवीर दीक्षित
उपमंडलीय पशु चिकित्सालय ऊना में एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) के तहत तीन दिवसीय राज्य स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विभिन्न ग्राम पंचायतों से लाए गए 10 पालतू और आवारा कुत्तों का बंध्याकरण किया गया। साथ ही उन्हें मुफ्त रेबीज टीके भी लगाए गए।
पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. वीरेंद्र पटियाल के मार्गदर्शन और वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी ऊना डॉ. मनोज शर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में बिलासपुर और हमीरपुर जिलों के पशु चिकित्सा अधिकारियों व स्टाफ ने हिस्सा लिया।
प्रशिक्षण में भारतीय पशु कल्याण बोर्ड के दिशा-निर्देशों और पशु कल्याण नियमों की पालना पर विशेष जोर दिया गया। चिकित्सकों को सुरक्षित ABC सर्जरी, एनेस्थीसिया और ऑपरेशन के बाद पशुओं की देखभाल का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
इसके अलावा पायोमेट्रा, पेरिटोनाइटिस और हीमोएब्डोमेन जैसी गंभीर चिकित्सकीय जटिलताओं से बचाव के तरीके भी बताए गए। विभाग के अनुसार, कार्यक्रम के दौरान सभी सर्जरी बिना किसी जटिलता के सफलतापूर्वक संपन्न हुईं।













