Home Himachal बीर-बिलिंग की आसमानी उड़ानें बनीं चिंता का सबब, हादसों से विदेशी पर्यटक...

बीर-बिलिंग की आसमानी उड़ानें बनीं चिंता का सबब, हादसों से विदेशी पर्यटक सहमे!

धर्मशाला/कांगड़ा।राजवीर दीक्षित

हिमाचल प्रदेश के विश्वप्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग स्थल बीर-बिलिंग और कुल्लू की फ्लाइंग साइटों पर लगातार हो रहे जानलेवा हादसों ने एडवेंचर टूरिज्म की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अनुभवहीन पायलटों की कथित लापरवाही और सुरक्षा नियमों के कमजोर क्रियान्वयन के कारण विदेशी पायलट भी अब बीर-बिलिंग आने से कतरा रहे हैं। इसका असर प्रदेश के पर्यटन कारोबार पर पड़ने की आशंका है।

बीर-बिलिंग आने वाला एक विदेशी पैराग्लाइडिंग पायलट अपने प्रवास के दौरान होटल, टैक्सी, परिवहन, खानपान, उपकरणों और अन्य पर्यटन गतिविधियों पर 20 हजार डॉलर से अधिक खर्च करता है। ऐसे पर्यटकों से होटल, होमस्टे, टैक्सी ऑपरेटरों, रेस्टोरेंट और स्थानीय कारोबारियों को बड़ा आर्थिक लाभ मिलता है। विदेशी पर्यटकों की संख्या में गिरावट इन व्यवसायों के लिए बड़ा झटका साबित हो सकती है।

बीर-बिलिंग में पिछले पांच वर्षों के दौरान पैराग्लाइडिंग हादसों में छह पर्यटकों सहित 20 लोगों की मौत होने की जानकारी सामने आई है। लगातार हो रही दुर्घटनाओं के बावजूद जांच और जिम्मेदार पायलटों के खिलाफ कार्रवाई की प्रभावशीलता पर सवाल उठ रहे हैं।

आरोप है कि कई मामलों में जिम्मेदार पायलटों के लाइसेंस निलंबित या रद्द करने जैसी सख्त कार्रवाई नहीं हुई। इससे नियामक व्यवस्था की कमजोरियां उजागर हुई हैं।

जानकारी के मुताबिक, पिछले कुछ वर्षों में हादसों में शामिल रहे कुछ पायलटों के पास पर्याप्त उड़ान अनुभव नहीं था और उनके दस्तावेज भी अधूरे थे। पायलटों के लाइसेंस, उड़ान के घंटों, उपकरणों और बीमा की नियमित जांच नहीं होने की शिकायतें भी सामने आई हैं।

कुछ पायलटों पर पर्यटकों से निर्धारित दरों से अधिक पैसे वसूलने और संचालन संबंधी नियमों का उल्लंघन करने के आरोप भी हैं। कई पायलटों द्वारा राज्य के नियमों के तहत अनिवार्य दोहरी बीमा व्यवस्था पूरी नहीं करने की शिकायतें हैं। इससे हादसे की स्थिति में पर्यटकों और उनके परिवारों को मिलने वाली आर्थिक सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।

बिलिंग में वर्ष 1990 में पैराग्लाइडिंग की शुरुआत करने वाले नवीन सरीन ने कहा कि धौलाधार पर्वतमाला और कुल्लू घाटी जैसे चुनौतीपूर्ण ऊंचाई वाले क्षेत्रों में उड़ान भरने के लिए व्यापक अनुभव और स्थानीय भौगोलिक परिस्थितियों की गहरी जानकारी जरूरी है।

उनके अनुसार, कई हादसों की वजह पायलटों में इलाके की बनावट और बदलते मौसम के बारे में पर्याप्त जानकारी का अभाव रहा है।

उन्होंने स्थायी और आधुनिक बचाव व्यवस्था, प्रभावी मौसम निगरानी तथा सख्त निगरानी तंत्र की कमी को भी गंभीर चिंता का विषय बताया।

पर्यटन क्षेत्र से जुड़े लोगों का कहना है कि सरकार को इस समस्या को केवल पर्यटन कारोबार नहीं, बल्कि सार्वजनिक सुरक्षा के मुद्दे के रूप में देखना चाहिए। पायलटों के लाइसेंस का नियमित सत्यापन, उपकरणों की अनिवार्य जांच, बीमा दस्तावेजों की पड़ताल और मौसम की लगातार निगरानी जरूरी है।

नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग भी उठ रही है। पर्यटन कारोबारियों को आशंका है कि यदि सरकार ने जल्द भरोसेमंद सुरक्षा व्यवस्था लागू नहीं की तो बीर-बिलिंग की अंतरराष्ट्रीय पहचान को नुकसान पहुंच सकता है।

बीर-बिलिंग केवल हिमाचल का प्रमुख पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि दुनिया के प्रतिष्ठित पैराग्लाइडिंग केंद्रों में शामिल है। ऐसे में लगातार हो रहे हादसे विदेशी पायलटों, अंतरराष्ट्रीय आयोजनों और इस कारोबार से जुड़े सैकड़ों लोगों की आजीविका पर भारी पड़ सकते हैं।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
पंजाब के मुख्य सचिव को ईडी का समन, मोहाली में जेसीटी डील विवाद पर फिर केंद्रित हो गया है दूसरों की चोटी नहीं, अपनी ऊंचाई पर रखो नजर! CJI का युवाओं को संदेश आज का विस्तृत राशिफल (2026-11-23): मेष से मीन तक जानें सभी 12 राशियों का आज का दैनिक राशिफल आज का धार्मिक दायित्व एवं व्रत कथा (2026-11-23): आज के पूज्य देव (भगवान भोलेनाथ शिव शंकर), पूजा विधान एवं महात्म्य आज का पंचांग (2026-11-23): तिथि, नक्षत्र, राहूकाल और शुभ मुहूर्त बीर-बिलिंग की आसमानी उड़ानें बनीं चिंता का सबब, हादसों से विदेशी पर्यटक सहमे! चंडीगढ़ के बालक और बालिकाओं ने नेशनल स्कूल गेम्स में जीता सॉफ्टबॉल गोल्ड मेडल रविवार विशेष: भगवान सूर्य देव की कृपा से चमकेगा भाग्य, जानें सात घोड़ों के रथ का रहस्य, अर्घ्य विधि और अचूक उपाय आज का विस्तृत राशिफल: रविवार को सूर्य देव की कृपा से किन राशियों को मिलेगा मान-सम्मान और लाभ? पढ़ें 12 राशियों का भविष्यफल ब्रिटिश कोलंबिया कैबिनेट में दो पंजाबी मूल के विधायक शामिल, चार को मिली संसदीय सचिव की जिम्मेदारी