Home Himachal सांप काटे तो अस्पताल जाएं, झाड़-फूंक में गंवाए गए मिनट बन सकते...

सांप काटे तो अस्पताल जाएं, झाड़-फूंक में गंवाए गए मिनट बन सकते हैं जानलेवा

कांगड़ा |राजवीर दीक्षित

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में सांप के काटने के बाद इलाज में देरी और पारंपरिक उपचार पर भरोसे को लेकर एक चिंताजनक तस्वीर सामने आई है। नूरपुर सिविल अस्पताल में पांच साल तक सांप के काटने के मरीजों पर की गई स्टडी के अनुसार, जिन मरीजों के इलाज से पहले की गतिविधियों का रिकॉर्ड उपलब्ध था, उनमें करीब 44 प्रतिशत अस्पताल पहुंचने से पहले किसी धार्मिक उपचारक के पास गए या मंदिर पहुंचे।

अध्ययन में यह भी सामने आया कि अस्पताल पहुंचने में छह घंटे से अधिक समय लेने वाले सभी 13 मरीज या तो मृत अवस्था में लाए गए या इलाज शुरू होने के कुछ ही समय बाद उनकी मौत हो गई।

“Pre-Hospital Delay Due to Faith Healers, Consultation Had Adverse Impact on Outcomes in Snakebite Patients” शीर्षक से प्रकाशित शोध में जनवरी 2021 से दिसंबर 2025 तक नूरपुर अस्पताल में इलाज के लिए आए 222 मरीजों के मामलों का विश्लेषण किया गया।

यह शोध 2026 में International Journal of Preventive, Curative and Community Medicine में प्रकाशित हुआ। अध्ययन में कुल 16 मौतें दर्ज की गईं। मृत्यु दर 7.2 प्रतिशत रही।

यह अध्ययन भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) के SARPA प्रोजेक्ट के तहत सात सदस्यीय टीम ने किया। टीम का नेतृत्व डॉ. निकुंज कंकोडिया ने किया।

अध्ययन में 103 मरीजों के इलाज से पहले की गतिविधियों का रिकॉर्ड उपलब्ध था। इनमें से 45 मरीज यानी 43.7 प्रतिशत अस्पताल पहुंचने से पहले धार्मिक उपचारक के पास गए या मंदिर पहुंचे।

कुछ मामलों में अस्पताल पहुंचने में एक से सात घंटे तक की देरी दर्ज की गई। कई मरीजों ने चिकित्सा सहायता लेने के बजाय प्रार्थना और धार्मिक अनुष्ठानों का सहारा लिया।

छह मामलों में काटे गए हिस्से पर कसकर पट्टी बांधने यानी टॉर्निकेट का इस्तेमाल दर्ज हुआ, जबकि एक मरीज को कथित तौर पर जड़ी-बूटी से उपचार दिया गया।

शोधपत्र में एक स्थानीय प्रथा का भी उल्लेख है, जिसमें पवित्र मिट्टी और मंदिर के पानी का मिश्रण सांप के काटे गए हिस्से पर लगाया जाता है और मरीज को इसे पिलाया भी जाता है।

शोधकर्ताओं के अनुसार, ऐसे उपचारों में समुदाय का गहरा विश्वास और अस्पतालों में इलाज को लेकर संदेह मरीज के शुरुआती फैसले को प्रभावित कर सकता है।

हालांकि, शोधकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि अध्ययन पूर्वव्यापी था और उपलब्ध रिकॉर्ड यह साबित नहीं करते कि धार्मिक उपचार के लिए जाने से सीधे तौर पर मरीजों की मौत हुई।

106 मरीजों के अस्पताल पहुंचने के समय का रिकॉर्ड उपलब्ध था। इनमें:

  • 19 मरीज एक घंटे के भीतर अस्पताल पहुंचे।
  • 54 मरीज एक से तीन घंटे में पहुंचे।
  • 20 मरीज तीन से छह घंटे में पहुंचे।
  • 13 मरीज छह घंटे से अधिक देरी से पहुंचे।

अध्ययन के अनुसार, छह घंटे से अधिक देरी से पहुंचे सभी 13 मरीज मृत अवस्था में मिले या इलाज शुरू होने के तुरंत बाद उनकी मौत हो गई। एक से तीन घंटे के भीतर पहुंचे मरीजों के समूह में कोई मौत दर्ज नहीं हुई।

हालांकि, 116 मरीजों के अस्पताल पहुंचने के समय का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। इससे देरी और खराब परिणामों के बीच संबंध का पूरा आकलन सीमित हो जाता है।

अध्ययन में दर्ज 16 मौतों में से आठ मरीज पौंग बांध के आसपास नूरपुर, फतेहपुर और जवाली ब्लॉक के गांवों से थे।

डॉ. कंकोडिया के अनुसार, इस क्षेत्र को संभावित पर्यावरणीय मृत्यु हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है। उन्होंने आसपास के गांवों में विशेष निगरानी और जागरूकता अभियान चलाने की सिफारिश की।

अध्ययन के अनुसार, 82.4 प्रतिशत सांप काटने के मामले मानसून के महीनों में सामने आए। इस दौरान खेती, बाढ़ और सांपों के प्राकृतिक आवास में बदलाव के कारण लोगों के संपर्क में आने की आशंका बढ़ सकती है।

52.3 प्रतिशत मामलों में सांप ने मरीज के पैर या निचले अंग को काटा था। जिन 49 मामलों में सांप की प्रजाति की पहचान हुई, उनमें 33 मामले रसेल वाइपर के थे।

अध्ययन में आपातकालीन परिवहन की कमी भी सामने आई। कुल 222 मामलों में केवल 11 मरीजों ने एंबुलेंस का इस्तेमाल किया, जो लगभग पांच प्रतिशत है।

डॉ. कंकोडिया ने कहा कि मरीजों के अस्पताल पहुंचने से पहले की गतिविधियों और देरी का रिकॉर्ड अधूरा होने के कारण इलाज में देरी के प्रभाव का पूरा आकलन मुश्किल है।

शोधकर्ताओं ने खेतों में काम करने वाले लोगों और पौंग बांध के आसपास के गांवों में जागरूकता अभियान चलाने, अस्पताल पहुंचने से पहले की देरी का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने और आपातकालीन रेफरल व्यवस्था मजबूत करने की सिफारिश की है।

Translate »
error: Content is protected !!
BREAKING NEWS
मोगा महारैली के लिए सरकारी बसों के डायवर्जन पर हाईकोर्ट का अंतरिम आदेश देने से इनकार सांप काटे तो अस्पताल जाएं, झाड़-फूंक में गंवाए गए मिनट बन सकते हैं जानलेवा किराया कानून किरायेदार को स्थायी कब्जे का अधिकार नहीं देता: पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट संघणी बाजार में देर रात भड़की आग, कई दुकानें खाक; कोई हताहत नहीं मोगा में AAP की ‘खुशहाल पंजाब’ रैली के दौरान बड़ा हादसा: कॉफी मशीन फटने से एक कर्मचारी की मौत, मचा हड़कंप पंजाब खुशहाल रैली के लिए लुधियाना से बड़ी संख्या में मोगा रवाना हुए आप कार्यकर्ता गलत बुकिंग मैसेज के कारण दो बार कटे टिकट, ग्राहक ने जीता 1 लाख रुपये का मुआवजा हिमाचल की 91 दवाएं गुणवत्ता जांच में फेल, देशभर में 324 दवाओं पर कार्रवाई न्यू चंडीगढ़ में डंपिंग ग्राउंड के बाहर कचरे में लगी आग, धुएं से लोगों का सांस लेना हुआ मुश्किल ₹1500 महीना और 300 यूनिट मुफ्त बिजली! हिमाचल की सुखी परिवार योजना से लाखों को लाभ