नई दिल्ली। राजवीर दीक्षित
(Look-out notice issued against this politician over passport irregularities) कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता और प्रवक्ता सौरव दास के विदेश दौरे पर फिलहाल रोक लग गई है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाईकोर्ट में बताया कि उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर (LOC) जारी किया गया है। सरकार ने पासपोर्ट में पिता के नाम का कॉलम खाली होने समेत कई जानकारियों में कथित विसंगतियों का हवाला दिया है।
केंद्र के मुताबिक, सौरव दास के पासपोर्ट में पिता का नाम दर्ज नहीं है। इसके अलावा जन्मस्थान, पढ़ाई और पते से जुड़ी जानकारियों में भी अंतर पाया गया है। सरकार ने कहा कि इन गड़बड़ियों का असर उनकी नागरिकता से जुड़े सवालों पर भी पड़ सकता है।
एयरपोर्ट पर रोका, हाईकोर्ट पहुंचे दास
मामला 23 नवंबर का है, जब सौरव दास को दिल्ली एयरपोर्ट पर लंदन जाने वाली फ्लाइट में सवार होने से रोक दिया गया। उन्हें ब्रिटेन में ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर बोलने के लिए जाना था।
विदेश यात्रा पर रोक के खिलाफ दास ने 24 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। सुनवाई के दौरान केंद्र सरकार ने LOC जारी होने की जानकारी अदालत को दी।
वकील बोले- पहले नहीं दी गई सूचना
सौरव दास के वकील अखिल सिब्बल ने अदालत में कहा कि उनके मुवक्किल को LOC जारी होने या विदेश यात्रा पर रोक लगाए जाने की पहले कोई जानकारी नहीं दी गई थी। एयरपोर्ट पहुंचने पर उन्हें नोटिस दिया गया, जबकि इससे पहले इमिग्रेशन अधिकारियों ने फ्लाइट में चढ़ने से रोक दिया था।
दास के पक्ष ने LOC जारी करने की वजह बताने और उसकी कॉपी उपलब्ध कराने की मांग की। केंद्र ने कहा कि नोटिस की कॉपी नहीं दी जा सकती, लेकिन अब दास को इसकी जानकारी है और वे इसे अदालत में चुनौती दे सकते हैं।
सरकार का दावा- पासपोर्ट रद्द नहीं, यात्रा पर रोक
केंद्र ने अदालत को बताया कि 23 नवंबर शाम 7:32 बजे सौरव दास को नोटिस भेजा गया था। इसके चार मिनट बाद उन्हें विदेश यात्रा न करने की सलाह दी गई।
पासपोर्ट में कथित गड़बड़ियों पर जवाब देने के लिए दास को 30 नवंबर तक का समय दिया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि उनका पासपोर्ट रद्द नहीं किया गया, बल्कि फिलहाल विदेश यात्रा से रोका गया है।
पासपोर्ट लीक होने का भी आरोप
सौरव दास ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर आरोप लगाया कि भाजपा समर्थक कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स ने उनका पासपोर्ट लीक किया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि क्या नागरिकों की निजी जानकारी इस तरह सार्वजनिक होना सामान्य है और क्या पासपोर्ट की जानकारी लीक करना कानूनी है।
ऑक्सफोर्ड यूनियन में कार्यक्रम, विदेश जाने की थी तैयारी
दास ने इंस्टाग्राम पर वीडियो जारी कर बताया था कि उन्हें ‘कॉकरोच मूवमेंट’ पर चर्चा के लिए ब्रिटेन जाना था। उनके मुताबिक, ऑक्सफोर्ड, कैम्ब्रिज, LSE और एडिनबरा जैसे संस्थानों से उन्हें आमंत्रण मिले थे।
आधिकारिक लिस्टिंग के अनुसार, 1 दिसंबर को ऑक्सफोर्ड यूनियन में पैनल चर्चा प्रस्तावित है, जिसमें सौरव दास को शामिल होने के लिए बुलाया गया है। हालांकि, ऑक्सफोर्ड यूनियन एक स्वतंत्र डिबेटिंग सोसाइटी है और ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी का हिस्सा नहीं है।
अब नजर हाईकोर्ट की अगली सुनवाई और पासपोर्ट संबंधी आरोपों पर केंद्र के जवाब पर रहेगी।













