पांवटा साहिब/चंडीगढ़।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान सिख अभ्यर्थियों को धार्मिक ककारों—कड़ा और किरपान—के चलते परीक्षा से रोकने के आरोप ने विवाद खड़ा कर दिया है। भाजपा ने प्रभावित अभ्यर्थी को दोबारा परीक्षा का मौका देने की मांग की है, वहीं शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने भी इस मामले की निंदा करते हुए इसे धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा मुद्दा बताया है।
सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हिमाचल भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने कांग्रेस सरकार पर सिख विरोधी मानसिकता का आरोप लगाया।
उन्होंने सोलन स्थित देवभूमि इंस्टीट्यूट में कथित घटना की जांच कराने, प्रभावित अभ्यर्थी की पटवारी परीक्षा दोबारा करवाने और परीक्षा नियमों में जरूरी बदलाव करने की मांग की। गुरमीत सिंह के मुताबिक, किसी भी उम्मीदवार को धार्मिक मान्यताओं के कारण परीक्षा देने से वंचित नहीं किया जाना चाहिए।
गुरमीत सिंह ने बताया कि उनकी प्रभावित अभ्यर्थी से बातचीत हुई है। अभ्यर्थी के अनुसार, परीक्षा केंद्र पर उसे कड़ा और किरपान हटाने के लिए कहा गया था।
भाजपा नेता का दावा है कि केंद्र संचालक ने इसके लिए सरकारी निर्देशों का हवाला दिया, लेकिन संबंधित अधिसूचना की प्रति मांगे जाने पर उपलब्ध नहीं कराई गई।
अभ्यर्थी के पिता सरदार विचित्र सिंह ने भी सरकार से उस आदेश को स्पष्ट करने की मांग की, जिसके तहत उनके बेटे को परीक्षा में बैठने से रोका गया।
गुरमीत सिंह ने चेतावनी दी कि यदि प्रभावित अभ्यर्थी की दोबारा परीक्षा नहीं करवाई गई, तो भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा, पांवटा साहिब के सिख समुदाय और अभ्यर्थी का परिवार SDM कार्यालय के बाहर धरना देगा। इसके बाद भी कार्रवाई नहीं हुई तो राज्य स्तर पर आंदोलन शुरू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह मामला केवल एक विद्यार्थी के भविष्य का नहीं, बल्कि धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों का भी है।
SGPC अध्यक्ष हरजिंदर सिंह धामी ने हिमाचल के ऊना जिले में पटवारी भर्ती परीक्षा के दौरान राजविंदर कौर को धार्मिक ककार पहनने के कारण परीक्षा में प्रवेश नहीं दिए जाने की कथित घटना की निंदा की।
धामी ने कहा कि पांचों सिख ककार सिख पहचान और धार्मिक आस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। इन्हें हटाने के लिए बाध्य करना धार्मिक स्वतंत्रता और संविधान में दिए गए अधिकारों के खिलाफ है।
उन्होंने कहा कि परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में सुरक्षा संबंधी नियम बनाते समय धार्मिक मान्यताओं और संवैधानिक अधिकारों का सम्मान किया जाना चाहिए।
गुरमीत सिंह ने परीक्षा दिशानिर्देशों में महिलाओं के मंगलसूत्र और चूड़ियों पर कथित प्रतिबंधों को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने सरकार से ऐसे निर्देशों की समीक्षा करने की मांग की, जो धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं में हस्तक्षेप करते हैं।
पटवारी भर्ती परीक्षाएं 23 नवंबर से शुरू हुई थीं और 30 नवंबर तक निर्धारित हैं।













