शिमला।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश में नवंबर महीने के दौरान बारिश की भारी कमी दर्ज की गई है। राज्य में सामान्य से 82 प्रतिशत कम वर्षा हुई, जबकि पहाड़ी और जनजातीय क्षेत्रों में सूखी ठंड का असर तेज हो गया है। कई ऊंचाई वाले इलाकों में न्यूनतम तापमान जमाव बिंदु से नीचे पहुंच गया है।
शुक्रवार को प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहा, जबकि बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा। मौसम संबंधी आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में हिमाचल को सामान्य 17.1 मिलीमीटर बारिश के मुकाबले केवल 3.1 मिलीमीटर वर्षा मिली।
बारिश की कमी सबसे अधिक बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर और ऊना में दर्ज की गई, जहां 100 प्रतिशत वर्षा की कमी रही। कांगड़ा में 99 प्रतिशत, कुल्लू और मंडी में 98 प्रतिशत, सोलन में 96 प्रतिशत, शिमला में 91 प्रतिशत, चंबा में 87 प्रतिशत, लाहौल-स्पीति में 66 प्रतिशत और किन्नौर में 52 प्रतिशत बारिश की कमी दर्ज हुई।
शिमला मौसम केंद्र ने शुक्रवार को येलो अलर्ट जारी करते हुए बिलासपुर, हमीरपुर और मंडी के निचले पहाड़ी व मैदानी क्षेत्रों में देर रात और सुबह के समय कुछ स्थानों पर मध्यम से घना कोहरा छाने की संभावना जताई है। यह चेतावनी 1 दिसंबर तक जारी रहेगी।
लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 5.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।
डॉक्टरों ने लोगों को पर्याप्त पानी पीने, गर्म कपड़े पहनने और घर के भीतर नमी बनाए रखने की सलाह दी है। विशेषज्ञों के मुताबिक, सूखी ठंड से सांस संबंधी परेशानी, गले में जलन, त्वचा का रूखापन और मौसमी संक्रमण बढ़ सकते हैं।













