तरनतारन। राजवीर दीक्षित।
(AGTF in action! Criminal killed in encounter) तरनतारन में AGTF और CIA स्टाफ की बदमाशों के साथ मुठभेड़ हुई। मोहल्ला मुरादपुर में हुई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच फायरिंग हुई, जिसमें आरोपी कश्मीर सिंह उर्फ पुंगी की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गुरसेवक सिंह घायल हो गया। पुलिस ने मौके से हथियार भी बरामद किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, कश्मीर सिंह पर पहले भी पुलिस टीम पर फायरिंग करने का आरोप था। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही फिरोजपुर रेंज के DIG स्नेहदीप शर्मा और SP इन्वेस्टिगेशन रिपुदपन सिंह मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया।
पुलिस टीम पर दो बार फायरिंग का आरोप
DIG स्नेहदीप शर्मा के अनुसार, मुरादपुर निवासी कश्मीर सिंह उर्फ पुंगी ने पुलिस पार्टी पर दो अलग-अलग मौकों पर फायरिंग की थी।
पहली घटना में थाना सिटी तरनतारन में तैनात ASI बलदेव सिंह के हाथ में गोली लगी थी। फायरिंग के बाद कश्मीर सिंह अपने साथी के साथ मौके से फरार हो गया था।
दूसरी बार फायरिंग में पुलिसकर्मी और बच्ची घायल
पुलिस को कुछ दिन पहले सूचना मिली थी कि कश्मीर सिंह मुरादपुर इलाके में मौजूद है। इसके बाद पुलिस टीम उसे पकड़ने के लिए पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, इस दौरान आरोपी ने दोबारा फायरिंग कर दी। गोली एक पुलिसकर्मी के चेहरे पर लगी। इसी दौरान वहां खेल रही तीन साल की बच्ची भी गोली लगने से घायल हो गई।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी की लोकेशन के आधार पर उसकी तलाश तेज कर दी।
मुठभेड़ में साथी भी घायल
ताजा मुठभेड़ के दौरान कश्मीर सिंह उर्फ पुंगी और उसका साथी गुरसेवक सिंह घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से उन्हें अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल रेफर किया गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने कश्मीर सिंह उर्फ पुंगी को मृत घोषित कर दिया, जबकि गुरसेवक सिंह का इलाज जारी है।
पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से हथियार बरामद किए हैं और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।



















