चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित
(“Gurdaspur Alto Car Accident”) पंजाब के गुरदासपुर से मंगलवार सुबह एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। गुरदासपुर-बटाला रोड पर नौशहरा मझा सिंह के पास एक ऑल्टो कार अज्ञात वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई।
जानकारी के मुताबिक, कार में सवार सभी युवक पठानकोट के रहने वाले बताए जा रहे हैं। दुर्घटना इतनी भयावह थी कि युवक कार के अंदर बुरी तरह फंस गए। रेस्क्यू टीम और पुलिस को शवों को बाहर निकालने के लिए कार को कटर मशीन से काटना पड़ा। हादसे की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं, जिन्हें देखकर लोग स्तब्ध हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया था। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार को हादसे का कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई है।
इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार के खतरे पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। चार परिवारों के चिराग एक ही पल में बुझ जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर है। सोशल media पर लोग मृतकों को श्रद्धांजलि दे रहे हैं और प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।



















