Home Una News नगर निगम ऊना में 31 अक्तूबर तक चलेगा ई-वेस्ट संग्रहण अभियान

नगर निगम ऊना में 31 अक्तूबर तक चलेगा ई-वेस्ट संग्रहण अभियान

ऊना। राजवीर दीक्षित 

 

(An e-waste collection drive will run in the Una Municipal Corporation until October 31) शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम ऊना 31 अक्तूबर तक विशेष ई-वेस्ट (इलेक्ट्रॉनिक कचरा) संग्रहण अभियान चला रहा है। अभियान के तहत शहरवासियों के घरों से अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक एवं विद्युत उपकरण एकत्रित किए जाएंगे, ताकि उनका उचित निस्तारण सुनिश्चित कर पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा दिया जा सके।

नगर निगम ऊना के आयुक्त पृथीपाल सिंह ने बताया कि नगर निगम ऊना द्वारा नियमित रूप से प्रत्येक माह की 10, 20 और 30 तारीख को सफाई कर्मचारियों के माध्यम से घरों से ई-वेस्ट एकत्रित किया जाता है। इसी पहल को और प्रभावी बनाने के लिए विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसका उद्देश्य अधिक से अधिक इलेक्ट्रॉनिक कचरा एकत्रित कर उसका उचित प्रबंधन एवं निस्तारण सुनिश्चित करना है।

इन उपकरणों को सौंप सकते हैं शहरवासी

अभियान के दौरान शहरवासी अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों में अनुपयोगी पड़े एलईडी बल्ब, ट्यूबलाइट, खराब लाइटें, पुराने मोबाइल फोन, मोबाइल चार्जर, ईयरफोन, कंप्यूटर, की-बोर्ड, माउस, मॉनिटर, सीपीयू, लैपटॉप, टैबलेट, प्रिंटर, खराब तार, केबल, प्लग, एक्सटेंशन बोर्ड, पुराने टेलीविजन, रेडियो, स्पीकर, रिमोट कंट्रोल, इलेक्ट्रॉनिक खिलौने, सर्किट बोर्ड, कंप्यूटर के पुर्जे, मिक्सर, टोस्टर, इलेक्ट्रिक केतली, पुराने राउटर, मॉडेम तथा अन्य अनुपयोगी विद्युत एवं इलेक्ट्रॉनिक उपकरण नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सौंप सकते हैं।

सामान्य कचरे से अलग रखें ई-वेस्ट

नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से आग्रह किया है कि वे इलेक्ट्रॉनिक कचरे को सामान्य घरेलू कचरे के साथ न मिलाएं और न ही इसे खुले स्थानों पर फेंकें। ई-वेस्ट में मौजूद कुछ पदार्थों का अनुचित निस्तारण पर्यावरण एवं मानव स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। ऐसे में इसे अलग एकत्रित कर उचित निस्तारण के लिए सौंपना आवश्यक है।

आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। शहरवासियों की सक्रिय भागीदारी से ई-वेस्ट का बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करने के साथ-साथ स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त वातावरण बनाने के प्रयासों को भी मजबूती मिलेगी।

उन्होंने सभी शहरवासियों से 22 से 31 अक्तूबर तक चलाए जा रहे विशेष अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा घरों में जमा अनुपयोगी इलेक्ट्रॉनिक एवं विद्युत उपकरण नगर निगम के सफाई कर्मचारियों को सौंपने की अपील की।

Translate »
error: Content is protected !!