ऊना। राजवीर दीक्षित
(Students in Una are becoming aware of natural farming and agricultural diversification) हिमाचल प्रदेश सरकार और जायका (जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी) के सहयोग से संचालित हिमाचल प्रदेश फसल विविधीकरण प्रोत्साहन परियोजना के तहत ऊना ज़िला के पाँच चयनित विद्यालयों में विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती व कृषि विविधीकरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय त्यूडी और बदोली में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें कुल 79 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
खंड परियोजना प्रबंधक ऊना अश्वनी कुमार ने जानकारी दी कि कार्यक्रमों में विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती, मशरूम उत्पादन, जलवायु अनुकूल कृषि, वर्मी कंपोस्ट, पोषण वाटिका तथा कृषि में रोजगार एवं स्वरोजगार की संभावनाओं के साथ साथ वर्मी कम्पोस्ट और पोषण वाटिका की स्थापना विषयों बारे में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि ब्लॉक प्रोजेक्ट मैनेजमेंट यूनिट कार्यालय ऊना के तत्वावधान में आयोजित इस परियोजना का संचालन सेंटर फॉर टेक्नॉलजी एंड एंटरप्रेन्योरशिप जगदीशपुर अमेठी(उत्तर प्रदेश) संस्था द्वारा किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जागरूकता शिविर में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पांच विद्यार्थियों का चयन अगले चरण के प्रशिक्षण के लिए किया जाएगा। इसके अतिरिक्त सात दिवसीय जागरूकता अभियान के माध्यम से प्राकृतिक खेती के महत्व और रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इसके साथ ही त्यूडी विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंदर कुमार और बदोली विद्यालय के उपप्रधानाचार्य श्री लक्ष्मण ने विद्यार्थियों को प्राकृतिक खेती एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
इस मौके पर त्यूडी विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंदर कुमार और बदोली विद्यालय के उपप्रधानाचार्य श्री लक्ष्मण, ब्लॉक कोऑर्डिनेटर सीटीईटी अधिकारी सलोनी राणा और कृषि विशेषज्ञ मनीषा सहित अन्य मौजूद रहे।


















