द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Punjab Women Arrested for ₹50 Lakh Jewellery Theft in Shimla, Stolen Gold & Silver Recovered “) पंजाब की दो महिलाओं को शिमला पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने के आरोप में गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए लगभग 40 ग्राम सोने और 250 ग्राम चांदी के गहने भी बरामद कर लिए हैं। गिरफ्तार महिलाओं की पहचान चंद्रावती (38), निवासी पटियाला और रेखा (40), निवासी राजपुरा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 25 जून को शिमला जिले के रहने वाले खूब राम ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी कि वह लोअर बाजार में खरीदारी कर रहे थे। इसी दौरान दो अज्ञात महिलाओं ने उनके बैग से कीमती गहने चोरी कर लिए और मौके से फरार हो गईं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
एसएसपी शिमला के निर्देश पर विशेष जांच टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर सेल की मदद से आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान उस वाहन का भी पता लगाया गया, जिसका इस्तेमाल चोरी के बाद फरार होने के लिए किया गया था।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी से बचने और जांच को गुमराह करने के लिए आरोपी महिलाएं नारकंडा, लुहरी, किंगल, कुल्लू, मंडी और बिलासपुर होते हुए पंजाब पहुंची थीं। लेकिन पुलिस ने लगातार पीछा करते हुए पंजाब में दबिश दी और दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी शिमला (सिटी) ने बताया कि चोरी की पूरी ज्वेलरी बरामद कर ली गई है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें 2 जुलाई तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या दोनों महिलाएं पहले भी इसी तरह की वारदातों में शामिल रही हैं या उनके पीछे कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है। यह मामला शिमला में इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है।



















