शिमला। राजवीर दीक्षित
(HNLU student attempts suicide; allegations of ragging spark a stir) हिमाचल प्रदेश नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी (HPNLU) घंडल, शिमला के एक छात्र ने आत्महत्या का प्रयास किया। छात्र को उपचार के लिए IGMC शिमला में भर्ती कराया गया है। घटना से पहले छात्र ने एक वीडियो जारी कर कुछ सीनियर छात्रों और विश्वविद्यालय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
छात्र की पहचान निखिल प्रकाश के रूप में हुई है। वीडियो में उसने दावा किया कि कुछ छात्र लंबे समय से उसे परेशान कर रहे थे। उसके मुताबिक, उसने विश्वविद्यालय के अधिकारियों और शिक्षकों से शिकायत भी की, लेकिन उसे अपेक्षित मदद नहीं मिली।
सीनियर्स पर रैगिंग और धमकी के आरोप
निखिल ने वीडियो में कुछ छात्रों के नाम लेते हुए आरोप लगाया कि उसके खिलाफ झूठी शिकायतें और FIR दर्ज कराई गईं। उसने यह भी दावा किया कि उसे धमकियां मिल रही थीं।
छात्र के अनुसार, उसने पहले भी रैगिंग को लेकर शिकायत की थी। उसका आरोप है कि शिकायतों के बावजूद मामले में प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
‘मेरे पास साक्ष्य मौजूद’
वीडियो में निखिल ने दावा किया कि उसके पास CCTV फुटेज समेत कुछ साक्ष्य मौजूद हैं। उसने कहा कि वह लंबे समय से पुलिस और विश्वविद्यालय प्रशासन के संपर्क में था और इस पूरे विवाद का उसकी पढ़ाई पर भी असर पड़ा।
वीडियो में उसने अपने परिवार से भी भावुक होकर माफी मांगी। हालांकि, वीडियो में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
यूनिवर्सिटी बोली- जांच अभी जारी
HPNLU प्रशासन ने कहा है कि रैगिंग से संबंधित मामले की जांच पहले से चल रही है। विश्वविद्यालय के मुताबिक, फिलहाल मामले में कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला गया है।
प्रशासन ने कहा कि सभी शिकायतों की जांच लागू नियमों और प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के तहत की जाएगी।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने मामले को जांच में ले लिया है। छात्र के बयान, वीडियो में लगाए गए आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों और पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट होगी।



















