द टारगेट न्यूज डेस्क।
(“Monsoon Finally Arrives in Punjab & Haryana, IMD Issues Yellow Alert Till July 7”) कई दिनों की देरी के बाद आखिरकार दक्षिण-पश्चिम मानसून ने 1 जुलाई को पंजाब और हरियाणा में दस्तक दे दी है। मानसून के पहुंचते ही दोनों राज्यों के कई इलाकों में मध्यम से भारी बारिश, तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ मौसम पूरी तरह बदल गया। लंबे समय से भीषण गर्मी और उमस झेल रहे लोगों को अब बड़ी राहत मिली है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने पंजाब और हरियाणा के लिए 7 जुलाई तक येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान कई जिलों में भारी बारिश, आंधी, बिजली गिरने और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने का भी अनुमान है।
पिछले 24 घंटों में पंजाब के पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर और रूपनगर (रोपड़) में अच्छी बारिश दर्ज की गई। वहीं हरियाणा के यमुनानगर, करनाल, पानीपत, सोनीपत, रोहतक, भिवानी, गुरुग्राम और नूंह सहित कई जिलों में भी बारिश हुई। हालांकि कुछ इलाकों में गर्म हवाओं का असर भी देखने को मिला।
IMD के आंकड़ों के अनुसार 1 जून से 1 जुलाई तक पंजाब और हरियाणा में सामान्य से 47 प्रतिशत कम बारिश दर्ज की गई है। ऐसे में मानसून का आगमन किसानों के लिए राहत भरी खबर माना जा रहा है, क्योंकि धान समेत खरीफ फसलों की बुवाई के लिए यह बारिश बेहद महत्वपूर्ण है।
मौसम विभाग ने बताया कि पश्चिमी अफगानिस्तान के ऊपर सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) और पंजाब के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के कारण अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और उत्तराखंड में भी 7 जुलाई तक तेज बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। लोगों को खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है।



















