Home Controversy बेडरूम में लहूलुहान मिली लाश, हत्या का शक!

बेडरूम में लहूलुहान मिली लाश, हत्या का शक!

पठानकोट। राजवीर दीक्षित 

(Body found bloodied in bedroom; murder suspected!) पठानकोट में शिवसेना हिंद कोर कमेटी के चेयरमैन रवि शर्मा के भाई जतिंदर शर्मा (35) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। जतिंदर का शव उनके घर के बेडरूम में लहूलुहान हालत में मिला। सिर और गले पर चोट के निशान बताए गए हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है।

बेडरूम में खून से लथपथ मिले जतिंदर

जतिंदर शर्मा लक्ष्मी गार्डन कॉलोनी (ढाकी) में रहते थे और उनके दो बच्चे हैं। शनिवार को वह घर में अकेले थे, जबकि उनकी पत्नी मायके गई हुई थीं। परिवार के मुताबिक, शाम करीब 3:55 बजे जतिंदर के घर में लहूलुहान पड़े होने की सूचना मिली।

परिजन उन्हें तुरंत सरना के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने से करीब एक घंटे पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी।

सिर-गले पर चोट के निशान

जतिंदर के शरीर पर चोट के निशान मिलने के बाद परिजनों ने मौत को लेकर सवाल उठाए। रविवार को सिविल अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल ने शव का पोस्टमॉर्टम किया। इसके बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।

भाई का दावा- ड्राइवर पर शक

रवि शर्मा ने अपने भाई की मौत को हत्या बताते हुए ड्राइवर कर्ण पर शक जताया है। उनका कहना है कि कर्ण करीब सात साल से जतिंदर की गाड़ी चला रहा था और पड़ोस में ही रहता है।

रवि शर्मा के मुताबिक, उन्होंने ड्राइवर को कुछ तथ्यों के आधार पर पुलिस के हवाले किया था, लेकिन बाद में उसे छोड़ दिया गया। उनका दावा है कि रात करीब 7:45 बजे उन्हें ड्राइवर के छोड़े जाने की जानकारी मिली।

परिजन ने लगाया ‘मास्टरमाइंड’ का आरोप

परिजनों ने गली में रहने वाले एक अन्य व्यक्ति पर भी शक जताया है। रवि शर्मा का आरोप है कि वह व्यक्ति भी बैंक रिकवरी का काम करता है और संभव है कि ज्यादा रिकवरी के मामलों को लेकर उसने ड्राइवर के जरिए वारदात करवाई हो। हालांकि, पुलिस जांच में इन आरोपों की पुष्टि होना बाकी है।

पुलिस प्रशासन को दी आंदोलन की चेतावनी

मामले को लेकर रवि शर्मा ने पुलिस के उच्च अधिकारियों से शिकायत कर निष्पक्ष जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अन्य लोगों की भूमिका सामने आती है तो उनके खिलाफ भी कार्रवाई होनी चाहिए।

परिजनों ने चेतावनी दी है कि अगर मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई तो शिव सैनिकों के साथ प्रदर्शन किया जाएगा।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज

थाना डिवीजन नंबर-2 पुलिस के अनुसार, फिलहाल धारा 174 के तहत कार्रवाई की गई है और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Translate »
error: Content is protected !!