Home Chandigarh करतारपुर कॉरिडोर फिलहाल नहीं खुलेगा, केंद्र सरकार ने सुरक्षा कारणों का दिया...

करतारपुर कॉरिडोर फिलहाल नहीं खुलेगा, केंद्र सरकार ने सुरक्षा कारणों का दिया हवाला

चंडीगढ़। राजवीर दीक्षित

(“Kartarpur Corridor to Remain Closed: Centre Refuses to Reopen Citing Security Concerns “) केंद्र सरकार ने एक बार फिर साफ कर दिया है कि सिख श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को फिलहाल दोबारा नहीं खोला जाएगा। लोकसभा में पूछे गए एक सवाल के लिखित जवाब में विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने बताया कि मौजूदा सुरक्षा परिस्थितियों को देखते हुए कॉरिडोर का संचालन बहाल करना संभव नहीं है।

सरकार ने जानकारी दी कि भारत और पाकिस्तान के बीच 24 अक्टूबर 2019 को हुए समझौते के तहत श्रद्धालुओं को बिना वीजा श्री करतारपुर साहिब के दर्शन की सुविधा दी गई थी। बाद में इस समझौते को अक्टूबर 2024 में अगले पांच वर्षों के लिए बढ़ा भी दिया गया। लेकिन 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम आतंकी हमले के बाद सुरक्षा एजेंसियों की सलाह पर 7 मई 2025 से करतारपुर कॉरिडोर की सेवाएं स्थगित कर दी गईं, जो अब तक बंद हैं।

केंद्र सरकार ने यह भी स्वीकार किया कि विभिन्न सिख धार्मिक संगठनों और प्रतिनिधियों ने कॉरिडोर को फिर से खोलने की मांग की है। हालांकि सरकार का कहना है कि मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए यह फैसला फिलहाल संभव नहीं है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

गौरतलब है कि करतारपुर साहिब कॉरिडोर पंजाब के डेरा बाबा नानक को पाकिस्तान के नारोवाल स्थित गुरुद्वारा दरबार साहिब से जोड़ता है। यह वही पवित्र स्थान है जहां श्री गुरु नानक देव जी ने अपने जीवन के अंतिम वर्ष बिताए थे। यही कारण है कि इस कॉरिडोर का सिख समुदाय की धार्मिक भावनाओं से गहरा संबंध है।

अब सरकार के इस बयान के बाद लाखों श्रद्धालुओं की उम्मीदों को एक बार फिर झटका लगा है। ऐसे में सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि भविष्य में सुरक्षा हालात सामान्य होने पर क्या केंद्र सरकार करतारपुर कॉरिडोर को दोबारा खोलने का फैसला करेगी।

Translate »
error: Content is protected !!