कुल्लू।राजवीर दीक्षित
हिमाचल प्रदेश की पर्यटन नगरी कुल्लू की हवाई कनेक्टिविटी कमजोर पड़ने से पर्यटन कारोबार पर संकट के बादल मंडराने लगे हैं। एयर इंडिया की सहयोगी एयरलाइन अलायंस एयर ने 3 नवंबर से कुल्लू और दिल्ली के बीच सीधी उड़ान सेवा बंद कर दी है। इसके अलावा कुल्लू से देहरादून और अमृतसर की उड़ानें भी बंद होने से क्षेत्र का हवाई संपर्क काफी सीमित हो गया है।
होटल और पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों ने इस फैसले पर नाराजगी जताते हुए सरकार की कनेक्टिविटी नीति पर सवाल उठाए हैं। होटल ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष बुधि प्रकाश ठाकुर ने भुंतर एयरपोर्ट को ‘सफेद हाथी’ करार देते हुए कहा कि यदि सरकार नियमित उड़ानें सुनिश्चित नहीं कर सकती तो एयरपोर्ट के संचालन पर पुनर्विचार किया जाना चाहिए।
ठाकुर ने सवाल उठाया कि जब अलायंस एयर अन्य पर्यटन स्थलों के लिए अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है, तो कुल्लू की उड़ानें क्यों बंद की जा रही हैं। उनके अनुसार, दिल्ली से शिमला और धर्मशाला के लिए नियमित उड़ानें उपलब्ध हैं। वहीं कुल्लू जैसे प्रमुख पर्यटन स्थल की हवाई कनेक्टिविटी लगातार कमजोर हो रही है।
उन्होंने कहा कि इससे कुल्लू घाटी का देश के प्रमुख पर्यटन बाजारों से संपर्क प्रभावित होगा और पर्यटकों को यहां पहुंचने में अधिक परेशानी उठानी पड़ेगी।
कुल्लू ट्रैवल एजेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष भूपेंद्र ठाकुर ने कहा कि कुल्लू में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं, लेकिन महंगी और सीमित हवाई सेवाएं इसके विकास में बाधा बन रही हैं।
उन्होंने बताया कि गर्मियों और सर्दियों के पर्यटन सीजन में उड़ानों की सीटें अक्सर पूरी बुक हो जाती हैं। करीब 80 मिनट की यात्रा के लिए हवाई किराया 27 हजार रुपये तक पहुंच जाता है। वीकेंड पर पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के कारण लग्जरी बसों का किराया भी 4 हजार रुपये तक पहुंचने की बात कही गई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उड़ान योजना (UDAN) में भुंतर एयरपोर्ट को शामिल किए जाने से लोगों को सस्ती हवाई सेवा की उम्मीद जगी थी, लेकिन कुल्लू-दिल्ली रूट पर किराये अब भी काफी महंगे हैं।
भूपेंद्र ठाकुर ने सुझाव दिया कि कुल्लू की हवाई कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए अलायंस एयर के अन्य विमानों, विशेषकर डोर्नियर विमानों का इस्तेमाल किया जा सकता है। इससे उड़ानों की उपलब्धता बढ़ाने और किराये को किफायती बनाने में मदद मिल सकती है।
पर्यटन प्रतिनिधियों के मुताबिक, भुंतर एयरपोर्ट पर उड़ानें बंद होने के कारणों को लेकर एयरपोर्ट प्रबंधन की ओर से भी स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) के एयरपोर्ट संचालन में होने वाले घाटे से जुड़ी जानकारी को भी गोपनीय और आंतरिक मामला बताया गया।
पर्यटन कारोबारियों ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने जल्द हस्तक्षेप कर नियमित और किफायती हवाई सेवाएं बहाल नहीं करवाईं तो कुल्लू घाटी में पर्यटकों की आमद प्रभावित हो सकती है। इसका असर होटल, ट्रैवल एजेंसियों, टैक्सी संचालकों और पर्यटन पर निर्भर हजारों परिवारों की आजीविका पर पड़ सकता है।
कारोबारियों ने सरकार से भुंतर एयरपोर्ट से दिल्ली सहित अन्य प्रमुख शहरों के लिए नियमित उड़ानें शुरू करवाने की मांग की है।













