ऊना । राजवीर दीक्षित
(Major gift for Haroli: Ex-servicemen’s building to be constructed at a cost of ₹3.50 crore) हरोली के रामपुर पुल के पास पूर्व सैनिकों के लिए बड़ा प्रोजेक्ट तैयार होने जा रहा है। 3.50 करोड़ रुपये की लागत से पूर्व सैनिक भवन का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए एक करोड़ रुपये से अधिक की पहली किस्त लोक निर्माण विभाग को जारी हो चुकी है। जिन्होंने सरहद पर खड़े होकर देश की हिफाजत की, अब उनके सम्मान में हरोली में स्थायी ठिकाना तैयार होगा। इस भवन में सिर्फ बैठकें नहीं होंगी, बल्कि देशसेवा की यादें और सैनिकों से जुड़े कार्यक्रम भी यहां आयोजित किए जा सकेंगे।
सरकार ने भवन का निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा है।
सोमवार को हरोली जल भवन में पूर्व सैनिकों के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात के दौरान उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने यह जानकारी साझा की।
अब पूर्व सैनिकों के कार्यक्रमों के लिए स्थायी ठिकाना होगा।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भवन में पूर्व सैनिकों की बैठकें, कार्यक्रम और विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी। इससे लंबे समय से स्थायी स्थान की जरूरत महसूस कर रहे पूर्व सैनिकों को सुविधा मिलेगी। पूर्व सैनिकों के सम्मान को राजनीति से ऊपर रखने की बात भी उपमुख्यमंत्री ने कही।
उन्होंने कहा कि सैनिकों ने देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और उनके योगदान को केवल सीमा तक सीमित नहीं समझना चाहिए। सिविल जीवन में भी उनके सम्मान और कल्याण के लिए प्रयास किए जाने चाहिए।
इसी भावना का उल्लेख करते हुए उन्होंने घालूवाल में स्थापित भारतीय सेना के टैंक का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास आने वाली पीढ़ियों को सैनिकों के योगदान और देश सेवा की भावना से जोड़ते हैं।
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों के मुद्दे राजनीति से ऊपर होने चाहिए। सैनिकों ने देश के लिए सेवा की है, इसलिए उनके सम्मान और कल्याण के लिए सभी को मिलकर काम करना चाहिए।
इंडियन एक्स सर्विसमैन लीग ऊना के प्रधान कैप्टन शक्ति चंद्र ने भवन के लिए भूमि उपलब्ध करवाने और धनराशि मंजूर करने के लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताया।
बैठक में रणजीत राणा, संदीप अग्निहोत्री, लेफ्टिनेंट एसपी शर्मा, सूबेदार दिलवाग सिंह, महेंद्र सिंह, सरवण सिंह, जगतार सिंह सहित अन्य पूर्व सैनिक उपस्थित रहे।



















