Home Himachal Pradesh HAS अधिकारी डॉ. बशीर निशाने पर! जान से मारने की धमकी के...

HAS अधिकारी डॉ. बशीर निशाने पर! जान से मारने की धमकी के बाद FIR

चंबा । राजवीर दीक्षित

(HAS officer Dr. Bashir targeted! FIR lodged after death threat) हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में एक HAS अधिकारी को इंटरनेट मीडिया पर कथित तौर पर निशाना बनाए जाने का गंभीर मामला सामने आया है। भ्रामक, अपमानजनक और मानहानिकारक पोस्ट के जरिए धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने तथा जान से मारने की धमकी देने के आरोपों को लेकर पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है।

विकास खंड मैहला में बीडीओ के पद पर कार्यरत HAS अधिकारी डॉ. बशीर की शिकायत पर पुलिस थाना सदर चंबा में कुमार मोनू नामक इंटरनेट मीडिया अकाउंट धारक और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

शिकायत के मुताबिक, मामला केवल एक-दो पोस्ट तक सीमित नहीं है, बल्कि कथित तौर पर करीब एक साल से अधिकारी के खिलाफ आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित की जा रही थी। डॉ. बशीर, जो जिला मंडी के तरानू के निवासी हैं, ने आरोप लगाया कि कुमार मोनू और उसके साथी उनके खिलाफ भ्रामक, अपमानजनक तथा मानहानिकारक पोस्ट और टिप्पणियां लगातार प्रसारित कर रहे हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 356(2), 196(1), 299, 352 और 351(2) के तहत FIR दर्ज की है।

अब पुलिस की जांच का केंद्र इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कथित पोस्ट, टिप्पणियां और उनसे जुड़े तकनीकी साक्ष्य हैं। जांच के जरिए यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में किन लोगों की भूमिका रही है।

एसपी चंबा विजय कुमार सकलानी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि बीडीओ मैहला की शिकायत पर कुमार मोनू और अन्य लोगों के खिलाफ BNS की विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस तकनीकी साक्ष्य जुटा रही है और मामले की जांच जारी है।

Translate »
error: Content is protected !!