Home Himachal Pradesh बर्फबारी का कहर, पर्यटक फंसे

बर्फबारी का कहर, पर्यटक फंसे

लाहौल-स्पीति। राजवीर दीक्षित

हिमाचल प्रदेश के लाहौल-स्पीति जिले में भारी बर्फबारी और फिसलन भरी सड़कों के कारण कई पर्यटक वाहन रोपांग नाला के पास बर्फ में फंस गए। खराब मौसम के चलते वाहनों की आवाजाही मुश्किल हो गई है। पुलिस और प्रशासन स्थिति पर नजर रखे हुए हैं तथा प्रभावित लोगों की मदद कर रहे हैं।

जिला प्रशासन की रिपोर्ट के अनुसार, रोहतांग दर्रे से अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल तक सुबह 6 बजे से शाम 5 बजे के बीच सड़क खुली रही। नॉर्थ पोर्टल से दारचा तक का मार्ग भी यातायात के लिए खुला रहा। हालांकि, बर्फबारी के कारण दारचा-सर्चू और दारचा-शिंकुला मार्ग बंद रहे।

ग्राम्फू-बातल मार्ग पर भी आवाजाही बंद

राष्ट्रीय राजमार्ग-505 के सुमदो-काजा-ग्राम्फू हिस्से पर ग्राम्फू-बातल मार्ग बंद रहा, जबकि सुमदो-बातल सड़क खुली बताई गई। संसारी-किलाड़-टिंडी-टांडी मार्ग भी चालू रहा और टांडी-कढू नाला वाला हिस्सा यातायात के लिए खुला था।

जिले में मौसम बना हुआ है खराब

लाहौल क्षेत्र में बारिश और बर्फबारी, उदयपुर में बारिश तथा स्पीति में बादल छाए रहने की सूचना है। लगातार बदलते मौसम ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।

प्रशासन ने पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले सड़क की स्थिति की जानकारी जरूर लें। बंद मार्गों पर जाने से बचें और फिसलन भरी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें। बंद रास्तों पर तभी यात्रा करें, जब प्रशासन उन्हें आधिकारिक रूप से खोलने की पुष्टि कर दे।

Translate »
error: Content is protected !!