द टारगेट न्यूज़:
पाकिस्तान के लाहौर में स्थित एक ऐतिहासिक गुरुद्वारा देश के विभाजन के बाद से बंद रहने के बाद रविवार को धार्मिक पूजा के लिए आखिरकार फिर से खोल दिया गया है। इसके साथ ही इस पवित्र स्थल पर 79 साल का लंबा अंतराल समाप्त हो गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर गुरुद्वारा छठी पातशाही श्री गुरु हरगोबिंद साहिब में सिख धार्मिक परंपराओं के अनुसार एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें सिख समुदाय के कई सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। यह ऐतिहासिक गुरुद्वारा लाहौर के टेम्पल रोड पर स्थित है और इसका सीधा संबंध सिखों के छठे गुरु, गुरु हरगोबिंद जी के लाहौर दौरे से है। गुरु हरगोबिंद (1595-1644) को एक योद्धा-संत के रूप में गहराई से पूजा जाता है, जिन्होंने धार्मिक उत्पीड़न से रक्षा के लिए सिख समुदाय को एक नई दिशा और रूप दिया था। रविवार को आयोजित इस पुनरुद्धार और उद्घाटन समारोह में पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अल्पसंख्यक मंत्री और पाकिस्तान सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (PSGPC) के अध्यक्ष रमेश अरोड़ा, इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ETPB) के सचिव नासिर मुश्ताक और अन्य प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे। समारोह को संबोधित करते हुए रमेश अरोड़ा ने पुष्टि की कि इस ऐतिहासिक तीर्थस्थल का जीर्णोद्धार कार्य पूरा हो चुका है और अब यह सिख समुदाय के लिए धार्मिक पूजा-अर्चना के वास्ते पूरी तरह से तैयार और खुला है। उन्होंने आगे जानकारी दी कि सिख धार्मिक विरासत के संरक्षण और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए पाकिस्तान भर में 50 से अधिक गुरुद्वारों का नवीनीकरण कार्य चल रहा है। ईटीपीबी के सचिव नासिर मुश्ताक ने कहा कि इस गुरुद्वारे के जीर्णोद्धार और इसे दोबारा खोलने का मुख्य उद्देश्य सिख समुदाय को बेहतर पूजा सुविधाएं प्रदान करना और आने वाली पीढ़ियों के लिए लाहौर की ऐतिहासिक व धार्मिक विरासत को सुरक्षित रखना है। सिख ऐतिहासिक वृत्तांतों के अनुसार, गुरु हरगोबिंद साहिब ने स्थानीय सिख संगत के निमंत्रण को स्वीकार किया था और अपने एक भक्त भाई जीवन के निवास स्थान पर लाहौर में तीन दिनों तक विश्राम किया था। गुरु की मेज़बानी के सम्मान से अभिभूत होकर भाई जीवन ने अपने उस घर को एक गुरुद्वारे के रूप में परिवर्तित कर दिया था। इस गुरुस्थल का जुड़ाव भाई बिधि चंद से भी है, जो एक सिख धार्मिक प्रचारक और सैन्य कमांडर थे। उन्होंने तब लाहौर की अपनी दो यात्राओं के दौरान यहीं निवास किया था, जब वे मुगल गवर्नर द्वारा जप्त किए गए उन घोड़ों को वापस लाने आए थे जिन्हें श्रद्धालुओं ने गुरु हरगोबिंद साहिब को भेंट किया था। ऐतिहासिक विवरण बताते हैं कि भाई बिधि चंद ने घास विक्रेता और एक ज्योतिषी का भेष बदलकर अलग-अलग अभियानों के तहत उन घोड़ों को सफलतापूर्वक बरामद किया था और उन्हें गुरु हरगोबिंद को वापस सौंपा था। वर्ष 1915 में स्थानीय सिख संगत ने इस गुरुद्वारे के मुख्य हॉल का विस्तार किया था। इसके बाद, तत्कालीन कार्यवाहक महंत हरि सिंह पर दुराचार के आरोप लगने के बाद 1921 में संगत ने इसके प्रबंधन की कमान अपने हाथ में ले ली और एक स्थानीय समिति का गठन कर दिया। इसके बाद 1927 में ऐतिहासिक सिख गुरुद्वारों के प्रबंधन के लिए जिम्मेदार शीर्ष निकाय शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने इस तीर्थस्थल का प्रशासनिक नियंत्रण अपने अधिकार में ले लिया था। हालांकि, देश के विभाजन और उसके दौरान हुई हिंसा ने इस स्थान पर नियमित पूजा-पाठ का सिलसिला हमेशा के लिए रोक दिया था। सिख ऐतिहासिक विवरणों में इस बात का भी उल्लेख मिलता है कि विभाजन के समय हुई हिंसा के दौरान इस स्थल की पवित्रता की रक्षा करते हुए समुदाय के कई सदस्य शहीद हो गए थे। इसी विभाजन के काले दौर के बाद से यह गुरुद्वारा पूजा-पाठ के लिए लगातार बंद पड़ा था, जो अब 79 वर्षों के लंबे अंतराल के पश्चात फिर से गुलजार हुआ है।













