Home Sports भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, रचा इतिहास!

भारत ने पाकिस्तान को 19-0 से रौंदा, रचा इतिहास!

मोक्वी, चीन। टारगेट न्यूज नेटवर्क 

(India crushed Pakistan 19-0, creating history!) भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम ने जूनियर एशिया कप के क्वार्टर फाइनल में पाकिस्तान को 19-0 से रौंदकर सेमीफाइनल में जगह बना ली। डिफेंडिंग चैंपियन भारत ने पूरे मुकाबले में दबदबा बनाए रखा और पाकिस्तान को एक भी गोल करने का मौका नहीं दिया। यह जूनियर महिला हॉकी में भारत की सबसे बड़ी जीतों में से एक रही।

भारत ने मुकाबले के पहले हाफ में ही 10 गोल दागकर मैच लगभग एकतरफा कर दिया था। दूसरे हाफ में भी भारतीय खिलाड़ियों का आक्रामक खेल जारी रहा और टीम ने 9 और गोल करते हुए स्कोर 19-0 कर दिया।

पूजा मलिक ने लगाई हैट्रिक

भारत की ओर से पूजा मलिक ने शानदार हैट्रिक लगाई। सानिका चंद्रकांत माने, मधु सिदार और सुप्रिया ने 2-2 गोल किए। रोशनी ऐंद ने भी दो गोल दागे।

पहले क्वार्टर में भारत ने पांच गोल किए। पूजा साहू ने 7वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद रोशनी ऐंद, तनुश्री दिनेश कडू, सुखवीर कौर और सानिका माने ने गोल कर पाकिस्तान पर दबाव बढ़ा दिया।

हाफ टाइम तक भारत 10-0 से आगे

दूसरे क्वार्टर में मधु सिदार, गीता यादव, सानिका माने, तनुजा टोप्पो और पूजा मलिक ने गोल किए। इसके साथ ही हाफ टाइम तक भारत ने 10-0 की बढ़त हासिल कर ली।

तीसरे क्वार्टर में पूर्णिमा यादव, मधु सिदार और सुप्रिया ने गोल किए। आखिरी क्वार्टर में कृष्णा शर्मा, पूजा मलिक, सुप्रिया, बिनीमा धन और रोशनी ऐंद ने गोल कर भारत का स्कोर 19 तक पहुंचा दिया। पूजा मलिक ने 49वें और 51वें मिनट में गोल कर अपनी हैट्रिक पूरी की।

पाकिस्तान को नहीं मिला एक भी पेनल्टी कॉर्नर

भारतीय टीम ने पूरे मुकाबले में 18 पेनल्टी कॉर्नर और एक पेनल्टी स्ट्रोक हासिल किया। इसके उलट पाकिस्तान को पूरे मैच में न तो कोई गोल मिला और न ही पेनल्टी कॉर्नर या पेनल्टी स्ट्रोक।

ग्रुप स्टेज में भी भारत का शानदार प्रदर्शन

क्वार्टर फाइनल से पहले भारत ने ग्रुप स्टेज में भी शानदार प्रदर्शन किया था। टीम ने जापान, मलेशिया और दक्षिण कोरिया को हराकर अपने ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल किया। चीन के खिलाफ भारत का मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा था।

अब डिफेंडिंग चैंपियन भारत की नजरें खिताब बचाने पर हैं। टीम 12 सितंबर को सेमीफाइनल मुकाबला खेलेगी, जहां उसका सामना दक्षिण कोरिया और मलेशिया के बीच होने वाले क्वार्टर फाइनल के विजेता से होगा।

Translate »
error: Content is protected !!