द टारगेट न्यूज़:
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने अमेरिकी अंतरराष्ट्रीय धार्मिक स्वतंत्रता आयोग (USCIRF) के अधिकारियों के बयानों को पूरी तरह से खारिज कर दिया है। उन्होंने इस संस्था को पक्षपाती और अल्पज्ञानी बताते हुए कहा कि इसका एजेंडा पूरी तरह से राजनीतिक है। जायसवाल ने मंगलवार को कहा कि यह बेहद हैरान करने वाला है कि यह आयोग खुद अमेरिका में धार्मिक स्थलों पर होने वाले हमलों और वहां भारतीय समुदाय को निशाना बनाने वाले हेट क्राइम व नस्लीय भेदभाव पर हमेशा चुप्पी साधे रहता है। उन्होंने जोर देकर कहा कि ऐसी पूर्वाग्रह से ग्रसित संस्था को गंभीरता से नहीं लिया जा सकता। दरअसल पिछले सप्ताह USCIRF के दो वरिष्ठ अधिकारियों ने भारत में गुरुद्वारों पर हमलों का दावा करते हुए अमेरिकी सरकार से भारत पर दबाव बनाने की अपील की थी। आयोग के आयुक्त डेविड एंडरसन ने सोशल मीडिया पर कहा था कि भारत में सिख गुरुद्वारों और धार्मिक नेताओं को निशाना बनाया गया है और उन्होंने अमेरिकी सुरक्षा सहायता को धार्मिक स्वतंत्रता से जोड़ने का सुझाव दिया। वहीं एक अन्य आयुक्त जो ग्रोगन ने आरोप लगाया था कि भारत में विभिन्न पूजा स्थलों पर हमले हो रहे हैं और अमेरिकी सरकार को भारत पर दोषियों को जवाबदेह ठहराने के लिए दबाव डालना चाहिए। भारत ने इन सभी बयानों और आरोपों को पूरी तरह से अनुचित और राजनीति से प्रेरित बताते हुए खारिज कर दिया है।













