Home Himachal Pradesh हमीरपुर में रैगिंग पर बड़ा एक्शन

हमीरपुर में रैगिंग पर बड़ा एक्शन

हमीरपुर । राजवीर दीक्षित

हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर स्थित डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में जूनियर छात्रों से रैगिंग की शिकायतों के बाद कॉलेज प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। बुधवार को रैगिंग के आरोप में MBBS द्वितीय वर्ष के नौ छात्रों को दो सप्ताह के लिए निलंबित कर दिया गया। इसके साथ ही तीन छात्रों पर 50-50 हजार रुपये और छह अन्य छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। कॉलेज की एंटी-रैगिंग कमेटी की जांच के बाद यह कार्रवाई की गई।
मामले की शिकायत नई दिल्ली निवासी MBBS प्रथम वर्ष के एक छात्र ने वरिष्ठ छात्रों के खिलाफ दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जूनियर छात्रों को शहर के भोटा चौक के पास एक सीनियर के किराये के आवास पर बुलाया गया था। वहां उन्हें निर्देश दिया गया कि वरिष्ठ छात्रों से बात करते समय अपनी नजरें नीचे रखें और उन्हें ‘नमस्ते, डॉक्टर साहब’ कहकर अभिवादन करें। इसके अलावा, जूनियर छात्रों को अपना परिचय देने के लिए एक विशेष प्रारूप का पालन करने के निर्देश भी दिए गए थे।
जांच के दौरान शिकायतकर्ता समेत आठ जूनियर छात्रों के बयान दर्ज किए गए। उनके बयानों में वरिष्ठ छात्रों के अनुचित व्यवहार की पुष्टि हुई, हालांकि आरोपित छात्रों ने आरोपों से इनकार किया।
मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रमेश भारती ने स्पष्ट किया कि संस्थान में किसी भी तरह की रैगिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आरोपित छात्रों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई है, ताकि कॉलेज के सभी विद्यार्थियों को स्पष्ट संदेश दिया जा सके कि संस्थान में रैगिंग के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाती है।
प्राचार्य ने बताया कि सभी विद्यार्थियों को एंटी-रैगिंग नियमों के बारे में जागरूक किया गया है। उन्होंने छात्रों से सतर्क रहने और न तो रैगिंग सहने और न ही ऐसी गतिविधियों में शामिल होने की अपील की।

Translate »
error: Content is protected !!