अमृतसर में अनवर मसीह की 2 संपत्तियां कुर्क
अमृतसर। राजवीर दीक्षित।
(Major action by NIA in 500 kg heroin smuggling case) राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 500 किलो हेरोइन तस्करी से जुड़े मादक पदार्थ-आतंकवाद मामले में अमृतसर में बड़ी कार्रवाई की है। एजेंसी ने मामले के आरोपी अनवर मसीह की दो अचल संपत्तियां कुर्क कर ली हैं। यह कार्रवाई 13 अगस्त को की गई।
कुर्क की गई दोनों संपत्तियां अमृतसर के सुल्तानविंड इलाके के आकाश विहार फेज-1 में स्थित हैं। इनमें भूखंड संख्या 128 और 129 शामिल हैं। दोनों संपत्तियां अनवर मसीह के नाम पर दर्ज हैं। एनआईए ने यह कार्रवाई गैरकानूनी गतिविधियां रोकथाम अधिनियम की धारा 25(1) के तहत की है।
यह मामला आरसी-26/2020/एनआईए/डीएलआई के तहत दर्ज है और इसे सलाया मादक पदार्थ जब्ती मामला भी कहा जाता है। मामला पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए भारत में करीब 500 किलो हेरोइन की तस्करी से जुड़ा है। एनआईए की जांच के मुताबिक अनवर मसीह के तार इटली, ऑस्ट्रेलिया, संयुक्त अरब अमीरात, थाईलैंड, ईरान और पाकिस्तान तक फैले अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क से जुड़े पाए गए हैं।
जांच में आतंकवादी गतिविधियों के लिए धन जुटाने का आरोप
जांच एजेंसी का आरोप है कि यह नेटवर्क नशीले पदार्थों की तस्करी और वितरण के साथ-साथ इससे होने वाली कमाई का इस्तेमाल लश्कर-ए-तैयबा से जुड़ी आतंकी गतिविधियों के लिए करता था। जांच में दोनों संपत्तियों का कथित संबंध आतंकवादी गतिविधियों से अर्जित धन से सामने आया। इसी आधार पर एनआईए ने इन्हें कुर्क किया है।
संपत्तियों पर कुर्की आदेश चस्पा
कार्रवाई के दौरान गवाहों और राजस्व विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी रही। संपत्ति मालिक को कुर्की आदेश सौंपकर मौके पर पढ़कर सुनाया गया। इसके बाद आदेश को दोनों संपत्तियों पर चस्पा किया गया। साथ ही कुर्की ज्ञापन और पंचनामा भी तैयार किया गया।
एनआईए के अनुसार, इस मामले में अब तक 26 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। मामले की जांच अभी जारी है।

















